scorecardresearch
 

नेतनयाहू ने न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी पर साधा निशाना, बोले- मुझ पर लगे वॉर क्राइम के आरोप फर्जी

ममदानी ने पिछले हफ्ते कहा था कि न्यूयॉर्क शहर के पास अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) की ओर से जारी गिरफ्तारी वारंट को लागू करने का कानूनी अधिकार नहीं है. हालांकि, उन्होंने अमेरिकी संघीय सरकार से नेतन्याहू के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की थी.

Advertisement
X
नेतन्याहू ने कहा कि वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे (File Photo- ITG)
नेतन्याहू ने कहा कि वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे (File Photo- ITG)

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर नफरत भड़काने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ममदानी उन्हें गाजा युद्ध को लेकर युद्ध अपराधी बताते हुए गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं और इस तरह न्यूयॉर्क के एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं.

नेतन्याहू ने कहा कि वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे, भले ही ममदानी ने उनके शहर में आने का विरोध किया हो. दरअसल, ममदानी ने पिछले हफ्ते कहा था कि न्यूयॉर्क शहर के पास अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) की ओर से जारी गिरफ्तारी वारंट को लागू करने का कानूनी अधिकार नहीं है. हालांकि, उन्होंने अमेरिकी संघीय सरकार से नेतन्याहू के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की थी.

फॉक्स न्यूज चैनल के कार्यक्रम 'संडे मॉर्निंग फ्यूचर्स' में नेतन्याहू ने कहा, 'वह (ममदानी) सभी न्यूयॉर्कवासियों के मेयर हैं. यहूदियों, ईसाइयों, मुसलमानों और सभी के. लेकिन वह एक समूह को दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं.'

ICC के आरोपों को बताया फर्जी

नेतन्याहू ने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय की ओर से अपने खिलाफ लगाए गए युद्ध अपराधों के आरोपों को भी फर्जी बताया. उन्होंने ICC के मुख्य अभियोजक के खिलाफ लगे यौन दुराचार के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि गिरफ्तारी वारंट जारी करने का मकसद इन आरोपों से ध्यान भटकाना है. ICC के मुख्य अभियोजक को शुक्रवार को उनके पद से हटा दिया गया था.

Advertisement

बता दें कि ICC ने नेतन्याहू, उनके पूर्व रक्षा मंत्री और हमास के दिवंगत नेता के खिलाफ मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप लगाए हैं. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इजरायल के सैन्य अभियान में अब तक 73,000 से अधिक लोग मारे गए हैं, जिनमें करीब आधी महिलाएं और बच्चे हैं. वहीं, 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले में करीब 1,200 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर आम नागरिक थे.

अमेरिका में इजरायल के समर्थन को लेकर जताई चिंता

नेतन्याहू ने अमेरिका में इजरायल के लिए लंबे समय से चले आ रहे द्विदलीय राजनीतिक समर्थन के कमजोर होने पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि ममदानी के नेतृत्व वाले धड़े से जुड़े प्रगतिशील और वामपंथी डेमोक्रेट्स के कारण इस समर्थन में दरार आ रही है.

उन्होंने अमेरिका और पश्चिमी देशों में बढ़ते यहूदी विरोधी माहौल पर भी चिंता जताई. नेतन्याहू ने कहा कि न्यूयॉर्क में रहने वाले यहूदी खुद को असहज महसूस कर रहे हैं और यह स्थिति गलत है.

गौरतलब है कि ममदानी ने पिछले साल मेयर चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि वह न्यूयॉर्क पुलिस को ICC के गिरफ्तारी वारंट को लागू करने का आदेश देंगे. हालांकि, पिछले हफ्ते उन्होंने स्वीकार किया कि शहर के पास नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का कानूनी अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा कि संघीय सरकार को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए.

Advertisement

ममदानी ने एक वीडियो संदेश में कहा था, 'बेंजामिन नेतन्याहू का न्यूयॉर्क शहर में स्वागत नहीं है, न ही किसी अन्य फरार युद्ध अपराधी का. शहर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शनों का हमेशा सम्मान करेगा.'

वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नेतन्याहू को भरोसा दिया कि अमेरिका में रहते हुए उन्हें किसी भी तरह, किसी भी परिस्थिति में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement