scorecardresearch
 

सड़क पार कर रहे बाघ को भीड़ ने घेरा, लोग लेने लगे सेल्फी और बनाने लगे वीडियो, वन विभाग लेगा एक्शन

चंद्रपुर में एक बाघ के सड़क पार करने के दौरान लोगों की लापरवाही सामने आई. राहगीरों ने अपनी गाड़ियां रोककर बाघ को घेर लिया और उसके बेहद करीब जाकर सेल्फी और वीडियो बनाने लगे. यह घटना दुर्गापुर-मोहुर्ली रोड की है, जो ताडोबा टाइगर रिजर्व के पास है. वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग कार्रवाई की तैयारी कर रहा है.

Advertisement
X
सड़क पार करता दिखा बाघ (Photo: Screengrab)
सड़क पार करता दिखा बाघ (Photo: Screengrab)

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां सड़क पार कर रहे एक बाघ के बेहद करीब पहुंचकर लोगों ने सेल्फी और वीडियो बनाना शुरू कर दिया. यह घटना उस समय हुई जब बाघ आराम से सड़क पार कर रहा था और आसपास से गुजर रहे लोगों ने अपनी गाड़ियां रोक लीं.

जानकारी के अनुसार यह मामला दुर्गापुर से मोहुर्ली रोड का है. इस सड़क से कुछ ही दूरी पर ताडोबा टाइगर रिजर्व स्थित है, इसलिए इस इलाके में अक्सर बाघ सड़क पार करते हुए दिखाई दे जाते हैं. लेकिन इस बार जो हुआ उसने सभी को चौंका दिया. बाघ को देखते ही राहगीर इतने उत्साहित हो गए कि उन्होंने अपनी गाड़ियां रोककर उसे चारों तरफ से घेर लिया.

बाघ के साथ सेल्फी और वीडियो बनाने में जुटे लोग

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बड़ी संख्या में लोग बाघ के बेहद करीब पहुंच गए. कई लोग मोबाइल फोन से सेल्फी लेने और वीडियो बनाने में लगे हुए थे. यह हरकत बेहद खतरनाक साबित हो सकती थी. अगर उस समय बाघ ने हमला कर दिया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था.

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ बेखौफ होकर बाघ के करीब खड़ी है और लगातार उसकी तस्वीरें और वीडियो बना रही है. इस तरह की लापरवाही को लेकर वन्यजीव प्रेमियों ने भी चिंता जताई है.

Advertisement

वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि जंगली जानवरों के इतने करीब जाना बेहद खतरनाक होता है. खासकर बाघ जैसे शिकारी जानवर के पास जाना किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकता है.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल 

इस घटना के सामने आने के बाद वन विभाग ने भी नाराजगी जताई है. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न सिर्फ लोगों की जान के लिए खतरा हैं बल्कि वन्यजीवों के लिए भी परेशानी पैदा करती हैं. फिलहाल इस घटना के बाद वन विभाग कार्रवाई के मूड में नजर आ रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement