महाराष्ट्र के पालघर में मुंबई-अहमदाबाद हाइवे पर बड़ा हादसा हो गया. यहां चांदी की ईंटों से भरी एक वैन फ्लाईओवर पर पलट गई. हादसे के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वैन में करीब 600 किलो चांदी लदी थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 करोड़ 66 लाख रुपये है.
घटना पालघर जिले के चारोटी फ्लाईओवर की है. पुलिस के अनुसार, वैन मुंबई से गुजरात की ओर जा रही थी. इसी दौरान फ्लाईओवर पर वाहन पलट गया. दुर्घटना होते ही हाइवे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक रुक गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी.
वैन में रखी चांदी की ईंटें एक कारोबारी की खेप थी. यह चांदी मुंबई स्थित नाकोडा बुलियन कंपनी से गुजरात के वापी GIDC स्थित कंपनी में जा रही थी. वैन के पलटते ही अंदर रखी सुरक्षा पैकिंग में बंद चांदी की खेप सुरक्षित रही. हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में चांदी होने से मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई.
यह भी पढ़ें: 'सड़क पर सोना बिखरा है...' हवा की तरह फैली अफवाह, बटोरने दौड़े लोग, महिलाओं-बच्चों की लगी भीड़
हादसे में वाहन चालक को मामूली चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाया गया. वाहन में भारी मात्रा में चांदी थी, इसलिए पुलिस ने घटनास्थल को तुरंत घेर लिया और सुरक्षा के बीच वैन से माल को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है. दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, लेकिन पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी वैन को हटाकर यातायात सामान्य कराया.

वैन में करोड़ों की चांदी थी, इसलिए हादसे की खबर फैली तो बड़ी संख्या में लोग देखने के लिए आसपास जमा हो गए. पुलिस को भीड़ को कंट्रोल करने और चांदी की सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतनी पड़ी. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या वाहन में कोई खराबी थी. साथ ही, चांदी की खेप को सुरक्षित तरीके से पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई.