scorecardresearch
 

'सड़क पर सोना बिखरा है...' हवा की तरह फैली अफवाह, बटोरने दौड़े लोग, महिलाओं-बच्चों की लगी भीड़

गुजरात के वलसाड में उस वक्त अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जब सड़क पर चमकते टुकड़ों को लोगों ने सोना समझ लिया. अफवाह फैलते ही महिलाएं और बच्चे उन्हें बटोरने के लिए दौड़ पड़े, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
जिसे सोना समझा गया, वो निकले तांबा या पीतल जैसे धातु के टुकड़े. (Photo: Screengrab)
जिसे सोना समझा गया, वो निकले तांबा या पीतल जैसे धातु के टुकड़े. (Photo: Screengrab)

गुजरात के वलसाड की एक सड़क पर अचानक ऐसा नजारा देखने को मिला, मानो किस्मत खुद लोगों के दरवाजे आकर खड़ी हो गई हो. उमरगाम तालुका के नारगोल कोस्टल हाइवे पर दोपहर की तेज धूप में सड़क पर कुछ चमकदार टुकड़े बिखरे दिखाई दिए. धूप की किरणें जैसे ही उन टुकड़ों पर पड़ीं, वे सोने की तरह चमकने लगे. बस फिर क्या था- कुछ ही मिनटों में यह बात फैल गई कि सड़क पर सोना बिखरा पड़ा है.

अफवाह हवा की तरह फैलती चली गई. आसपास के गांवों और बस्तियों में खबर पहुंची तो लोग बिना देर किए सड़क की ओर दौड़ पड़े. खासकर महिलाएं और बच्चे सबसे पहले वहां पहुंचे. किसी के हाथ में दुपट्टा था, तो कोई थैली लेकर आया, ताकि जितना हो सके 'सोना' समेट लिया जाए. तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप में सड़क पर भीड़ जुट गई.

gold scattered on road rumor sparks rush valsad video viral

हर कोई झुक-झुककर उन चमकदार टुकड़ों को उठाने में लगा था. कुछ लोग एक-दूसरे को दिखा रहे थे, तो कुछ जल्दी-जल्दी अपने कपड़ों या बैग में भरने में लगे थे. बच्चों के चेहरों पर उत्साह था- जैसे उन्हें कोई खजाना मिल गया हो.

यह भी पढ़ें: बदमाशों ने छीना कैश से भरा बैग, हाईवे पर बिखरे नोट तो राहगीर बटोरने में जुट गए, Video

इस घटनाक्रम का वीडियो भी किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया. वीडियो में दिखाई दे रहा था कि कैसे लोग सड़क पर बिखरे टुकड़ों को उठाने के लिए होड़ में लगे हैं. सोशल मीडिया पर जैसे ही यह वीडियो अपलोड हुआ, वह वायरल हो गया. हर कोई यह देखकर हैरान था कि आखिर सड़क पर ऐसा क्या गिर गया, जिसे लोग सोना समझ बैठे. लेकिन कुछ ही समय बाद इस 'सोने की कहानी' का सच सामने आ गया.

Advertisement

gold scattered on road rumor sparks rush valsad video viral

स्थानीय स्तर पर जब इन टुकड़ों की जांच की गई, तो पता चला कि ये सोना नहीं, बल्कि तांबा या पीतल जैसे धातु के टुकड़े थे. यानी जो लोग इसे खजाना समझकर बटोर रहे थे, वह असल में साधारण धातु निकली. हालांकि, जब तक सच्चाई सामने आती, तब तक लोग काफी मात्रा में इन टुकड़ों को अपने साथ ले जा चुके थे. कई लोगों को बाद में यह जानकर निराशा भी हुई कि जिसे वे सोना समझ रहे थे, वह असल में उतना कीमती नहीं था.

वलसाड की इस घटना ने एक तरफ लोगों को कुछ पल के लिए 'अचानक मिली किस्मत' का एहसास कराया, तो दूसरी तरफ यह भी सिखा दिया कि हर चमकती चीज सोना नहीं होती. फिलहाल सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल है और लोग तरह तरह के कमेंट कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
(रिपोर्ट: कौशिक जोशी)
Live TV

Advertisement
Advertisement