नागपुर से एक बेहद गंभीर और विचलित करने वाला मामला सामने आया है, जहां 17 साल की छात्रा को शादी का झांसा देकर लगातार रेप करने की घटना उजागर हुई है. छात्रा के गर्भवती होने और तबीयत बिगड़ने के बाद यह पूरा मामला प्रकाश में आया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मानकापुर थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता की उम्र 17 वर्ष है और वह 12वीं कक्षा की छात्रा है. मानकापुर निवासी 20 वर्षीय आरोपी विवान खांडेकर और पीड़िता पिछले तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे. शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने पीड़िता को प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा दिया.
आरोपी ने पहले पीड़िता के घर पर ही उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए. यह सिलसिला कई महीनों तक चलता रहा. इसके बाद, एक दिन आरोपी पीड़िता को गोरेवाड़ा स्थित एक होटल में ले गया. वहां उसने अपनी नौकरी लगने के बाद जल्द ही विवाह करने का झूठा वादा दोहराया और दोबारा उसके साथ दुष्कर्म किया.
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में हुआ खुलासा
हाल ही में जब नाबालिग पीड़िता की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई, तो चिंतित परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने जब छात्रा की चिकित्सीय जांच की, तो उसके गर्भवती होने की बात सामने आई. चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा था, इसलिए डॉक्टरों ने कानूनी प्रक्रिया के तहत तुरंत मानकापुर पुलिस को मामले की सूचना दी.
इस खुलासे से स्तब्ध परिजनों ने जब पीड़िता को विश्वास में लेकर पूछताछ की, तो उसने आपबीती सुनाते हुए आरोपी विवान खांडेकर का नाम उजागर किया.
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
मानकापुर थाने के इंस्पेक्टर हरेश कालसेकर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत और अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की दुष्कर्म से संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विवान खांडेकर पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट के कई मामले दर्ज हैं. शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी विवान को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कड़े कानूनी पहलुओं से जांच की जा रही है.