मुंबई के मीरा रोड में सेकेंड हैंड कार की जांच के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां 25 वर्षीय यूज्ड कार डीलर की उस समय मौत हो गई, जब वह बेचने के लिए लाई गई कार की जांच कर रहा था. जांच के दौरान कार के स्टीयरिंग में लगा एयरबैग अचानक खुल गया और उसका कवर युवक की गर्दन से जोरदार टकरा गया.
हादसे में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट लगी और अत्यधिक खून बहने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान 25 वर्षीय मोहित सुरेश सोनी के रूप में हुई है. वह मीरा रोड स्थित टियारा हिल्स हाउसिंग सोसाइटी में रहता था और पेशे से यूज्ड कार डीलर था.
यह भी पढ़ें: मुंबई में एक्टिव मॉनसून, जमकर बरस रहे बादल, ठाणे-पालघर समेत इन इलाकों में आज भी बारिश
कार की जांच के दौरान हुआ हादसा
काशीमीरा पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने बताया कि घटना गुरुवार दोपहर काशीमीरा स्थित प्लेजेंट पार्क सोसाइटी के पास हुई. मोहित सोनी सड़क किनारे कार रोककर उसकी तकनीकी जांच कर रहे थे. वह कार खरीदने से पहले उसकी तकनीकी जांच और कंडीशन का आकलन कर रहे थे.
इसी दौरान अचानक स्टीयरिंग व्हील में लगा एयरबैग खुल गया. एयरबैग खुलते ही उसका कवर तेज गति से उछला और मोहित की गर्दन के दाहिने हिस्से से जोरदार टकराया.
टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी गर्दन पर गंभीर चोट आई और अधिक खून बहने लगा. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मोहित सोनी को तत्काल भायंदर स्थित पंडित भीमसेन जोशी सरकारी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है. फिलहाल काशीमीरा पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक पनमंड मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं.
मृतक के भाई कुलदीप सोनी ने पुलिस से पूरे मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है. उनका कहना है कि यह पता लगाया जाए कि आखिर एयरबैग अचानक क्यों खुला और इस हादसे के पीछे क्या वजह थी.
RTO और ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट करेंगे जांच
पुलिस ने बताया कि मामले की तकनीकी जांच के लिए ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों की भी मदद ली जाएगी. साथ ही क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) से भी कार की जांच कराने का अनुरोध किया गया है.
जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि कार में कोई तकनीकी खराबी थी या एयरबैग सिस्टम में पहले से कोई गड़बड़ी मौजूद थी, जिसकी वजह से वह बिना दुर्घटना के अचानक खुल गया.
पुलिस उस कार के मूल मालिक का भी पता लगा रही है. जांच अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या पहले भी इस कार में एयरबैग से जुड़ी कोई समस्या आई थी या एयरबैग सिस्टम की कभी मरम्मत या बदलाव किया गया था.
फिलहाल पुलिस सभी तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है. विशेषज्ञों और RTO की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि एयरबैग अचानक खुलने के पीछे तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य कारण.