महाराष्ट्र के लातुर में एक किसान ने अपने ही जन्मदिन पर आत्महत्या कर ली, जिस दिन उसे जिंदगी मिली थी, उसी दिन उसने आत्महत्या कर ली. पुलिस को रविवार को रेनापुर से लगभग तीन किलोमीटर दूर उनके खेत में आम के पेड़ से लटका हुआ उनका शव मिला.
रविवार को लातुर के एक किसान ने अपने जन्मदिन के मौके पर ही आत्महत्या कर ली. किसान की पहचान सुभाष कुऱ्हाडे के रूप में हुई. उनकी उम्र 44 साल थी. वे रेनापुर के रहने वाले थे. रविवार को उनका शव उनके खेत में आम के पेड़ से लटका हुआ मिला. यह रेनापुर से लगभग तीन किलोमीटर दूर है.
सुभाष का शव देखते ही लोगों ने उनके परिवार को सूचित किया. पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है. रेनापुर पुलिस स्टेशन में आकस्मित मौत का मामला दर्ज किया है. मामले में जांच की जा रही है.
लातूर के कुछ इलाकों में सूखा घोषित
महाराष्ट्र सरकार ने इस मॉनसून में कम बारिश के कारण लातूर के कुछ इलाकों को सूखाग्रस्त घोषित किया है. लातूर के किसान कम बारिश होने के चलते परेशान हैं. बीते दिनों लातूर के एक किसान तुकाराम निवृत्ति गुट्टे ने भी आत्महत्या की थी.
यह भी पढ़ें: 'सब बर्बाद हो गया...', लातूर में सीएम फडणवीस के सामने फूट-फूटकर रोया किसान, VIDEO
उनके परिवार का कहना है कि तुकाराम ने इस साल सोयाबीन की फसल लगाई थी. परिवार के मुताबिक, इलाके में सूखे की स्थिति के चलते खेत में खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई. तुकाराम फसल के नुकसान और कर्ज को लेकर चिंतित चल रहे थे, ऐसे में उन्होंने यह कदम उठाया.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)