महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में खेती की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई. चिखली तहसील के सोमठाना गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला, उनके 55 वर्षीय बड़े बेटे और 25 वर्षीय पोते की लाशें खून से लथपथ हालत में मिलीं. इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामले में 21 वर्षीय आरोपी जगदीश सुरडकर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पिता दीपक सुरडकर फरार है.
घर के अंदर बुजुर्ग महिला, बाहर पिता-पुत्र के शव
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सरस्वती फत्तेसिंह सुरडकर (70), उनके बेटे संजय फत्तेसिंह सुरडकर (55) और पोते रणजीत संजय सुरडकर (25) के रूप में हुई है. तीनों सोमठाना गांव के रहने वाले थे. 8 अक्तूबर की शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उन पर हमला किया गया. रात करीब 8 बजे उनके घर में तीनों के शव मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई.
यह भी पढ़ें: बुलढाणा में दर्दनाक हादसा, बाइक और बस की टक्कर में तीन लोगों की मौत
सूचना मिलने के बाद चिखली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया. बुजुर्ग महिला का शव घर के अंदर पलंग पर पड़ा था, जबकि संजय सुरडकर और उनके बेटे रणजीत के शव घर के सामने मिले. तीनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और शव खून से लथपथ थे. शुरुआती परिस्थितियों से तेज धार वाले हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई गई.
मृतक संजय की पत्नी मुक्ता संजय सुरडकर (40), निवासी सोमठाना, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायतकर्ता के मुताबिक, परिवार के सदस्यों के बीच खेती की जमीन की गिफ्ट डीड को लेकर विवाद चल रहा था. मृतक बुजुर्ग महिला ने अपनी खेती बड़े बेटे संजय के नाम की थी. इसी जमीन को लेकर परिवार में तनाव था. गांव वालों ने भी बताया कि सरस्वती का एक और बेटा दीपक है, जो वारदात के समय वहां मौजूद नहीं था.
जमीन के विवाद में चाकू और लकड़ी के डंडे से हमला
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, दीपक फत्तेसिंह सुरडकर और उसके बेटे जगदीश दीपक सुरडकर ने जमीन को गिफ्ट डीड के जरिए ट्रांसफर करने के बहाने संजय, रणजीत और सरस्वती पर हमला किया. आरोप है कि तीनों को चाकू और लकड़ी के डंडे से गंभीर चोटें पहुंचाई गईं, जिससे उनकी मौत हो गई. शिकायतकर्ता और दोनों आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं. पुलिस के मुताबिक, उनके बीच जमीन से जुड़े गिफ्ट सर्टिफिकेट को लेकर भी विवाद था.
मुक्ता की शिकायत पर चिखली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 333, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस इस वारदात को गंभीर और संवेदनशील मानते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई. बुलढाणा के पुलिस अधीक्षक निलेश तांबे ने घटनास्थल का दौरा किया और संबंधित टीमों को आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए.
21 साल का जगदीश गिरफ्तार, पिता दीपक की तलाश जारी
आरोपियों को पकड़ने के लिए चिखली पुलिस स्टेशन और बुलढाणा स्थानीय अपराध शाखा की अलग-अलग टीमें गठित की गईं. पुलिस ने तलाश के दौरान जगदीश सुरडकर को 9 अक्टूबर 2026 की सुबह 4 बजकर 49 मिनट पर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसकी उम्र 21 साल है. गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया.
इस मामले में दूसरा आरोपी दीपक फत्तेसिंह सुरडकर अभी फरार है. पुलिस की विशेष टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं. वारदात में जमीन के हस्तांतरण से जुड़ा विवाद अहम वजह के तौर पर सामने आया है. पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की तलाश के साथ मामले की आगे की जांच कर रही है.