scorecardresearch
 

स्कूल कार्यक्रम में 'पाकिस्तानी गाना' बजाने का आरोप, प्रिंसिपल समेत 3 पर FIR दर्ज

जालना के पार्टूर में एक स्कूल कार्यक्रम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर आरोप लगाया गया कि कार्यक्रम में पाकिस्तानी गाना और विवादित तस्वीर दिखाई गई. इसके बाद प्रिंसिपल समेत तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है. हालांकि, स्कूल प्रशासन ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि संगीत तुर्की सीरियल का था और तस्वीर अभिनेता की थी.

Advertisement
X
 एर्दोगरुल गाजी या पाकिस्तानी ट्रैक?(Photo: AI-generated)
 एर्दोगरुल गाजी या पाकिस्तानी ट्रैक?(Photo: AI-generated)

महाराष्ट्र के जालना जिले के पार्टूर इलाके में एक स्कूल कार्यक्रम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि किड्स वर्ल्ड इंग्लिश स्कूल के वार्षिक समारोह में कथित तौर पर पाकिस्तानी गाने पर छात्रों ने प्रस्तुति दी. इस मामले में प्रिंसिपल समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है.

पुलिस के मुताबिक, यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के बाद सामने आया, जिसमें कार्यक्रम की तस्वीर और वीडियो को लेकर गंभीर दावे किए गए. आरोप लगाया गया कि प्रस्तुति के दौरान पाकिस्तानी ‘चरमपंथी’ मुमताज कादरी की तस्वीर भी दिखाई गई.

यह भी पढ़ें: जालना में शादी में खाना परोसने को लेकर विवाद, दूल्हा-दुल्हन पक्ष में जमकर चले लाठी-डंडे

स्थानीय भाजपा विधायक बाबनराव लोनीकर ने इस घटना पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए स्कूल की मान्यता रद्द करने तक की बात कही, जिससे मामला और गर्मा गया.

सोशल मीडिया पोस्ट और राजनीतिक बयान से बढ़ा विवाद

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैली पोस्टों ने इस पूरे मामले को और तूल दे दिया, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया. इन पोस्टों के आधार पर आरोप लगाए गए कि कार्यक्रम में आपत्तिजनक सामग्री दिखाई गई थी, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं.

Advertisement

विवाद बढ़ने के बाद राजनीतिक हस्तक्षेप भी सामने आया और मामले ने प्रशासनिक जांच का रूप ले लिया.

स्कूल प्रशासन का दावा- एर्दोगरुल गाजी सीरियल का संगीत इस्तेमाल

स्कूल प्रशासन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि कार्यक्रम में इस्तेमाल किया गया संगीत पाकिस्तानी नहीं था. प्रिंसिपल वजियुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि यह संगीत लोकप्रिय तुर्की टीवी सीरियल ‘एर्तुग़रुल गाज़ी’ का था.

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस तस्वीर को लेकर विवाद हुआ वह किसी चरमपंथी की नहीं बल्कि उसी सीरियल के एक अभिनेता की थी.

प्रशासन का आरोप है कि कुछ लोगों ने वीडियो में छेड़छाड़ कर गलत जानकारी सोशल मीडिया पर फैलाई.

पुलिस जांच में जुटी, BNS की कई धाराओं में मामला दर्ज

पार्टूर पुलिस ने प्रिंसिपल वजियुद्दीन सिद्दीकी और दो अन्य के खिलाफ BNS की धारा 152, 196, 197 और 353 के तहत मामला दर्ज किया है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल स्कूल कार्यक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement