महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक मछुआरे की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ, जब चारों मछली पकड़ने के दौरान तेज बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना चामोर्शी तहसील के रेगाड़ी गांव के पास स्थित कर्मवीर कन्नमवार जलाशय में हुई. चारों लोग सुबह मछली पकड़ने के लिए जलाशय पहुंचे थे.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में बड़ा एनकाउंटर, 3 दिन में 3 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद
मृतक की पहचान विकासपल्ली गांव निवासी 55 वर्षीय अखिल बिस्वास के रूप में हुई है. उनके साथ तीन अन्य लोग भी मछली पकड़ने गए थे.
पेड़ के नीचे लिया सहारा, बिजली गिरते ही चारों झुलसे
अधिकारियों के अनुसार मछली पकड़ने के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए चारों लोग पास के एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए.
इसी दौरान आकाशीय बिजली सीधे पेड़ के पास गिरी, जिसकी चपेट में चारों आ गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घायलों को तुरंत रेगाड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां से गंभीर रूप से घायल अखिल बिस्वास को बेहतर इलाज के लिए घोट अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
तीन घायलों का इलाज जारी, ट्रक हादसा भी हुआ
पुलिस ने बताया कि बिजली गिरने से घायल हुए बाकी तीन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
इसी बीच बुधवार को जिले में एक और सड़क हादसा भी हुआ. चामोर्शी-गढ़चिरौली मार्ग पर पोहार नदी पुल के पास दो मालवाहक ट्रक फिसलकर पलट गए.
अधिकारियों के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण सड़क पर मिट्टी जमा होने से रास्ता फिसलन भरा हो गया था. इसी वजह से दोनों ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गए. हालांकि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.