बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के कार्याध्यक्ष श्याम मानव के बीच विवाद एक बार फिर तेज हो गया है. दोनों के बीच आरोप प्रत्यारोप की जुबानी जंग तेज हो गई है. नागपुर के रेशिमबाग में 25 से 30 अप्रैल तक बागेश्वर महाराज के रामकथा का आयोजन किया गया है.
इस बीच धीरेंद्र शास्त्री की दी गई खुली चुनौती के बाद इस मामले ने सामाजिक स्तर पर बड़ी हलचल पैदा कर दी है. श्रद्धा बनाम अंधश्रद्धा के मुद्दे पर राज्यभर में फिर से चर्चा शुरू हो गई है.
धीरेंद्र शास्त्री ने अपने संबोधन के दौरान विरोधियों को सीधी चुनौती दी और कहा, ''मैं अगले पांच दिन नागपुर में ही हूं. किसी को कोई शंका है तो यहां आकर प्रत्यक्ष देखे. दो दिन दिव्य दरबार लगेगा. मेरे पास जो विद्या और शक्ति है, उसका मैं प्रदर्शन करूंगा.''
साथ ही उन्होंने यह भी कहा, ''बाद में कोई यह न कहे कि ‘बाबा भाग गए.'' खुद को जादूगर नहीं बताते हुए उन्होंने अपने कार्य को ईश्वर प्रेरित मार्गदर्शन बताया. देखें VIDEO:-
बागेश्वर महाराज के चुनौती के बाद अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के प्रमुख श्याम मानव ने भी इस चुनौती का जोरदार जवाब दिया है. उन्होंने पहले ही धीरेंद्र शास्त्री को चमत्कार साबित करने की चुनौती दी थी. शुरुआत में 30 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 80 लाख रुपये कर दिया गया है.
श्याम मानव ने कहा कि दिव्य दरबार में दिखाए गए वीडियो के आधार पर ही यह चुनौती दी जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि धीरेंद्र शास्त्री किसी व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर और उसके घर की वस्तुओं का सही स्थान बताकर दिखाएं.
साथ ही पत्रकारों के सामने दस अनजान लोगों की पहचान करें या पास के कमरे में रखी वस्तुओं को सही-सही पहचानें. अगर वे 90 प्रतिशत सटीकता साबित करते हैं, तो अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति को बंद करने और बागेश्वर महाराज के अनुयायी बनने की भी हमारी तैयारी है. हालांकि, उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर गंभीर आरोप भी लगाए और कहा कि उनके पास कोई दिव्य शक्ति नहीं है, वे केवल लोगों को भ्रमित कर रहे हैं. देखें VIDEO:-
इस विवाद से नागपुर में माहौल गर्म हो गया है और लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है. एक ओर श्रद्धा और अध्यात्म का मुद्दा है, तो दूसरी ओर वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अंधविश्वास के खिलाफ लड़ाई. इस कारण यह विवाद केवल दो व्यक्तियों तक सीमित न रहकर व्यापक सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है.