झारखंड के खूंटी जिले से मॉब लिंचिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है.दरअसल, यहां मुरहू थाना क्षेत्र के बिंदादिरी गांव में बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी. वहीं युवक का एक साथी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार देर रात की है. दरअसल, बताया जा रहा है कि एक कार में सवार होकर चार लोग बिंदादिरी गांव पहुंचे थे. ग्रामीणों को शक हुआ कि ये लोग गांव में बकरियां चुराने के इरादे से आए हैं. जैसे ही ग्रामीणों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, कार सवार लोग भागने की कोशिश करने लगे.
इस दौरान ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया, हालांकि उनके दो अन्य साथी कार लेकर वहां से भागने में कामयाब रहे. गुस्साए ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों युवकों की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: गोकशी, मॉब लिचिंग और 5 साल तक ट्रायल..., हापुड़ केस में 10 दोषियों को उम्रकैद और 58-58 हजार रुपए जुर्माना
अस्पताल ले जात एक की हुई मौत
घटना की सूचना मिलते ही मुरहू थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. उग्र ग्रामीणों के चंगुल से पुलिस ने दोनों युवकों को छुड़ाया. पुलिस उन्हें तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाने लगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
मृतक की पहचान दिलदार अंसारी (35) के रूप में हुई है. वह गुमला जिले के सिसाई का रहने वाला था. वहीं, उसके साथी दूसरे घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने मृतक के शव का पीएम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है.
यह भी पढ़ें: 'हम दिल्ली में बैठकर देशभर में मॉनिटरिंग नहीं कर सकते...', मॉब लिचिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
खूंटी के अनुमंडल एसडीपीओ मंगल सिंह जामूड़ा ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि घायल युवक के बयान के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. उनके साथ आए और फरार हुए दो अन्य युवकों और कार की तलाश भी की जा रही है. इसके साथ ही, अपने हाथ में कानून को लेने वाले और मारपीट में शामिल ग्रामीणों की पहचान की जा रही है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल तैनात किया गया है. दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.