scorecardresearch
 

ग्रेटर नोएडा की इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान हादसा, दीवार गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 स्थित ILGIM कंपनी में लगी आग बुझाने के दौरान दीवार और लोहे का बीम गिर गया. हादसे में दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया.

Advertisement
X
रेटर नोएडा की ILGIM फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया (Photo: ITG)
रेटर नोएडा की ILGIM फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया (Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी कंपनी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. आग बुझाने के दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का बीम गिरने से पांच फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई. यह हादसा 3 और 4 अगस्त की दरमियानी रात करीब 3 बजे हुआ.

पुलिस के अनुसार, ईकोटेक 3 में स्थित ILGIM कंपनी में रात करीब 3 बजे अचानक आग लग गई. इस कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक पीसीबी चिप बनाने का काम होता है. आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. फायर टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग पर काबू पाने का काम शुरू किया और कुछ ही समय में आग को बुझा लिया गया.

लेकिन आग बुझाने के इसी दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. कंपनी की साइड की एक दीवार और लोहे का एक बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा. इसकी चपेट में आने से पांच फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. 

घायल होने वालों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव शामिल हैं. सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया.

Advertisement

इलाज के दौरान डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं बाकी तीन घायल फायरकर्मियों की हालत को खतरे से बाहर बताया गया है. हादसे के बाद मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई है. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

यह हादसा उन फायरकर्मियों की जान पर बन आया जो लोगों की जान और संपत्ति बचाने के लिए आग बुझाने में जुटे थे. इस घटना ने एक बार फिर आग बुझाने के दौरान फायर टीमों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement