जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किश्तवाड़ जिले से आतंकवादी रुस्तम अली को गिरफ्तार कर लिया और गिरफ्तार करने के बाद उसे नेशनल इंटेलीजेंस एजेंसी (एनआईए) को सौंप दिया है. आतंकवादी रुस्तम अली पिछले दिनों मारे गए रियाज नायकू का बेहद करीबी था.
इसे भी पढ़ें --- गाजी हैदर बना रियाज नायकू का उत्तराधिकारी, केजेएस ढिल्लन ने कसा तंज
इसके साथ ही आतंकी रुस्तम अली परिहार ब्रदर्स और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) नेता चंद्रकांत शर्मा की हत्या के मामले में भी वांटेड था.
कौन था रियाज नायकू
करीब 2 हफ्ते पहले सुरक्षाबलों ने घाटी के मोस्ट वांटेड आतंकी रियाज नायकू को ढेर कर दिया. A++ कैटेगिरी के इस आतंकी का खात्मा सुरक्षाबलों के लिए कितनी बड़ी कामयाबी था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हिज्बुल मुजाहिद्दीन के मुखिया सैयद सलाहुद्दीन को इससे खासा सदमा लगा है.
रियाज की मौत पर पाकिस्तान में बाकायदा एक शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें उसके आका और दुनिया के मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में से एक सैयद सलाहुद्दीन ने अपने पसंदीदा आतंकी के खोने का रोना रोया. नायकू करीब आठ साल तक उसके आतंकी संगठन का हिस्सा रहा.
मोस्ट वांटेड आतंकी रियाज नायकू के मारे जाने के बाद हिज्बुल ने सैफुल्लाह मीर उर्फ गाजी हैदर को उसका उत्तराधिकारी बनाया है.
श्रीनगर में मारे गए 2 आतंकी
इससे पहले जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई में सुरक्षाबलों को उस समय बड़ी कामयाबी मिली जब उसने 10 घंटे चले एनकाउंटर में श्रीनगर के नवकडल इलाके में दो आतंकियों को मार गिराया. मारे गए आंतकी में एक आतंकी जुनैद सेहराई था, जिसके पिता अलगाववादी नेता और तहरीक-ए-हुर्रियत के चेयरपर्सन हैं.
इसे भी पढ़ें--- घर लौटने के लिए तड़प रहे 80 कश्मीरी मजदूरों की मदद को आए राम-लक्ष्मण
सुरक्षाबलों ने श्रीनगर में आज मंगलवार को 2 हिज्बुल आतंकियों को ढेर कर दिया जिसमें एक 29 वर्षीय शीर्ष कमांडर जुनैद सेहराई शामिल है.
डिप्टी चीफ कमांडर था सेहराई
पुलवामा में 6 मई को हिज्बुल कमांडर इन चीफ रियाज नाइकू की हत्या के 2 हफ्ते से भी कम समय में एक और शीर्ष आतंकी जुनैद सेहराई की हत्या हुई है.
इसे भी पढ़ें --- अफरीदी ने अलापा कश्मीर राग, धवन बोले- हमारा है, हमारा था, हमारा रहेगा
सेहराई घाटी में नए हिज्बुल मुजाहिद्दीन (HM) चीफ डॉक्टर सैफुल्ला का डिप्टी था. जबकि जुनैद सेहराई उर्फ जफर-उल-इस्लाम हिज्बुल मुजाहिदीन जम्मू-कश्मीर का नया डिप्टी चीफ कमांडर बनाया गया था.इसी तरह सेहराई के साथ मारा गया दूसरा आतंकी तारीक अहमद शेख है जो पुलवामा का रहने वाला था और वह इसी साल मार्च में हिज्बुल मुजाहिद्दीन में शामिल हुआ था. इसके साथ सभी आतंकवादी संगठनों के शीर्ष 6 कमांडर सुरक्षा बलों के हाथों मारे जा चुके हैं.