scorecardresearch
 

नशे की कमाई पर पुलिस की चोट, सात दुकानों वाला भवन और ट्रैक्टर फ्रीज

हिमाचल प्रदेश की नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 74.12 लाख रुपये की संपत्तियां फ्रीज कराई हैं. इनमें सात दुकानों वाला दो मंजिला भवन और एक ट्रैक्टर शामिल है. यह कार्रवाई आरोपी रमेश कुमार से जुड़े NDPS एक्ट के मामले में की गई है.

Advertisement
X
हिमाचल में ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है पुलिस. (Photo: ITG)
हिमाचल में ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है पुलिस. (Photo: ITG)

हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने आर्थिक मोर्चे पर बड़ी कार्रवाई की है. नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी 74 लाख 12 हजार 854 रुपये की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश की सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने पुष्टि कर दी है. इन संपत्तियों में सात दुकानों वाला दो मंजिला भवन और एक ट्रैक्टर शामिल है. नूरपुर पुलिस के मुताबिक, अब तक नशा तस्करों की 30 करोड़ 70 लाख 5 हजार 711 रुपये मूल्य की संपत्तियों की जब्ती की पुष्टि हो चुकी है.

यह कार्रवाई पुलिस थाना जवाली में दर्ज NDPS एक्ट के एक मामले से जुड़ी है. इस मामले में 6 अक्टूबर 2025 को FIR नंबर 129/2025 दर्ज की गई थी. NDPS एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के तहत दर्ज इस केस में आरोपी रमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद पुलिस ने आरोपी से संबंधित संपत्तियों की वित्तीय जांच की और उनके अर्जन के स्रोतों की पड़ताल की.

सात दुकानों वाला भवन और ट्रैक्टर फ्रीज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि जांच के आधार पर पुलिस थाना जवाली ने 18 सितंबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 68F(1) के तहत संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश जारी किया था. 15 अक्टूबर 2026 को सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने धारा 68F(2) के तहत इस आदेश की पुष्टि कर दी.

Advertisement

फ्रीज की गई संपत्तियों में गांव लभ में स्थित सात दुकानों वाला दो मंजिला भवन शामिल है. इसका निर्धारित मूल्य 68 लाख 99 हजार 462 रुपये है. इसके अलावा, वर्ष 2019 में 5 लाख 13 हजार 392 रुपये में खरीदा गया एक ट्रैक्टर भी कार्रवाई के दायरे में है. सक्षम प्राधिकारी के अनुसार, ट्रैक्टर की खरीद के समय धन के स्रोत को प्रमाणित करने वाले पर्याप्त दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए थे.

30 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियों पर कार्रवाई
नूरपुर पुलिस अब नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है. पुलिस का मकसद नशे के अवैध कारोबार से होने वाले आर्थिक लाभ पर रोक लगाना और तस्करी के नेटवर्क को कमजोर करना है.

पुलिस के अनुसार, अब तक 30 करोड़ 70 लाख 5 हजार 711 रुपये मूल्य की संपत्तियों की जब्ती की पुष्टि सक्षम प्राधिकारी कर चुका है. संपत्तियों को फ्रीज किए जाने के बाद उनके हस्तांतरण और लेन-देन पर संबंधित कानूनी प्रतिबंध लागू होंगे.

नूरपुर पुलिस ने आम जनता से नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान में जनसहयोग महत्वपूर्ण है और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement