scorecardresearch
 

3 लाख की डिमांड और ACB का बड़ा एक्शन... 1.16 लाख लेते रंगे हाथों पकड़े गए वक्फ बोर्ड के दो कर्मचारी

सोनीपत के गोहाना में एंटी करप्शन ब्यूरो ने वक्फ बोर्ड के दो कर्मचारियों को 1 लाख 16 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. आरोप है कि प्लॉट के किराये की रसीद देने के बदले शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपये मांगे गए थे. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी है.

Advertisement
X
कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी.(Photo: Pawan rathee/ITG)
कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी.(Photo: Pawan rathee/ITG)

हरियाणा के सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. जींद एसीबी की टीम ने वक्फ बोर्ड के दो कर्मचारियों को 1 लाख 16 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दोनों ने प्लॉट के किराये की रसीद देने के बदले शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपये की मांग की थी.

एसीबी के मुताबिक, आरोपियों ने शिकायतकर्ता को 1 लाख 84 हजार रुपये की रसीद दी थी, जबकि बाकी रकम रिश्वत के तौर पर अपने पास रख ली थी. मामले में कार्रवाई करते हुए टीम ने दोनों को सोनीपत के गोहाना स्थित श्याम सुंदर मिष्ठान भंडार से गिरफ्तार किया.

यह भी पढ़ें: दिवाली से पहले सोनीपत की फैक्ट्री में मिले 500 किलो रसगुल्ले-छेना, गंदगी देख विभाग ने जमीन में दबाए

प्लॉट के किराये की रसीद देने के बदले मांगी रिश्वत

एसीबी जींद यूनिट के प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि गोहाना निवासी सतीश कुमार ने शिकायत दी थी. उनका आरोप था कि वक्फ बोर्ड में तैनात दो कर्मचारी प्लॉट के किराये की रसीद देने के बहाने उनसे 3 लाख रुपये मांग रहे हैं. शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया.

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनीपत वक्फ बोर्ड कार्यालय में तैनात एस्टेट ऑफिसर मोहम्मद सलीम और रेंट क्लर्क मोहम्मद ताहिर के रूप में हुई है. एसीबी की जींद यूनिट ने गोहाना में कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया.

सोनीपत​

अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी

एसीबी की टीम अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों को अगले दिन अदालत में पेश किया जाएगा और उनसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी है. जांच के दौरान रिश्वत से जुड़े अन्य पहलुओं का भी पता लगाया जाएगा.

एसीबी के अनुसार, शिकायत प्लॉट के किराये की रसीद से जुड़ी थी. आरोप है कि 3 लाख रुपये की मांग के बीच 1 लाख 84 हजार रुपये की रसीद दी गई और 1 लाख 16 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए गए. टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement