scorecardresearch
 

मालिक को बचाने के लिए जहरीले Cobra से भिड़ गई पालतू डॉग जिम्मी, 8 मिनट में तोड़ा दम, CCTV में कैद बहादुरी

करनाल जिले के निसिंग इलाके में पालतू डॉग जिम्मी ने अपने मालिक को बचाने के लिए ब्लैक कोबरा से लड़ गई. सांप के डंक लगने के बावजूद वह लड़ती रही लेकिन करीब 8 मिनट में उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है और परिवार में शोक के साथ गर्व का माहौल है.

Advertisement
X
कोबरा के डसने के बाद भी नहीं रुकी जिम्मी की जंग. (Photo: ITG)
कोबरा के डसने के बाद भी नहीं रुकी जिम्मी की जंग. (Photo: ITG)

करनाल जिले के निसिंग क्षेत्र में एक दर्दनाक और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पालतू डॉग जिम्मी ने अपने मालिक की जान बचाने के लिए ब्लैक कोबरा से भिड़ं गई. इस संघर्ष में डॉग को सांप ने डंक मार दिया, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार लड़ती रही. करीब 8 मिनट बाद उसकी हालत गंभीर हो गई और उसने दम तोड़ दिया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की है. डेरे में रहने वाले सुमित ठाकुर अपने दोनों पालतू कुत्तों जिम्मी और मैक्स को गेट के पास लेकर आए थे. इसी दौरान गेट की तरफ से एक ब्लैक कोबरा अंदर आता हुआ दिखाई दिया. सांप को देखते ही स्थिति अचानक बदल गई और दोनों कुत्ते मालिक के हाथ से छूटकर उसकी ओर दौड़ पड़े.

सुमित ठाकुर के अनुसार जैसे ही सांप ने फन फैलाया, जिम्मी ने सबसे पहले उस पर हमला किया. उसने अपने पंजों से सांप पर वार किया. इसी दौरान सांप ने जिम्मी के मुंह और पंजे पर डंक मार दिया. डंक लगने के बावजूद जिम्मी पीछे नहीं हटी और लगातार सांप से मुकाबला करती रही. इस दौरान दूसरा पालतू कुत्ता मैक्स भी वहां मौजूद रहा और उसने सांप को आगे बढ़ने से रोके रखा.

Advertisement

घर के गेट पर अचानक पहुंचा ब्लैक कोबरा

सांप के डंक के बाद जिम्मी की हालत तेजी से बिगड़ने लगी. परिवार के अनुसार करीब 8 मिनट के भीतर ही उसके शरीर में जहर फैल गया. इसी दौरान सांप मौके से निकलकर पास की दीवार के पास छिप गया. मालिक सुमित ने सांप को देख लिया. इसके बाद सुमित ठाकुर ने तुरंत स्नेकमैन को फोन किया. स्नेकमैन मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया. लेकिन तब तक जिम्मी की हालत काफी गंभीर हो चुकी थी.

सुमित ने बताया कि इसके तुरंत बाद उन्होंने वेटनरी डॉक्टर को भी बुलाया, लेकिन डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही जिम्मी ने दम तोड़ दिया. डॉक्टर के अनुसार उसके शरीर में जहर पूरी तरह फैल चुका था. सुमित ठाकुर ने बताया कि जिम्मी को उन्होंने करीब 9 साल पहले करनाल से लाया था. वह परिवार का हिस्सा बन चुकी थी. उसके खाने से लेकर रहने तक का पूरा ध्यान रखा जाता था. गर्मियों में एसी और कूलर और सर्दियों में हीटर तक की व्यवस्था की जाती थी.

घटना का सीसीटीवी में कैद

घटना के बाद परिवार में गहरा शोक है, लेकिन साथ ही जिम्मी की बहादुरी को लेकर गर्व का माहौल भी है. मालिक सुमित भावुक होकर कहते हैं कि आज वह जिम्मी की वजह से जिंदा हैं और उसने उनकी आंखों के सामने दम तोड़ दिया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जिम्मी को बिना डरे ब्लैक कोबरा से लड़ते हुए देखा जा सकता है. फुटेज में साफ दिखाई देता है कि वह लगातार सांप पर हमला कर रही थी. घटना के बाद इलाके में जिम्मी की बहादुरी की चर्चा हो रही है. लोग इसे जानवर की वफादारी और साहस की मिसाल बता रहे हैं. जिम्मी ने अपनी जान देकर अपने मालिक और परिवार को खतरे से बचाने की कोशिश की.
 

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- कमलदीप
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement