गुजरात के सूरत शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. पुणा थाना क्षेत्र के पर्वत पाटिया इलाके में एक 23 वर्षीय युवक ने अपनी ही 70 साल की नानी की गला काटकर हत्या कर दी. आरोपी ने वारदात के बाद पुलिस और परिवार को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी भी बनाई, लेकिन सख्त पूछताछ के सामने उसका सच ज्यादा देर तक छिप नहीं सका.
घटना पर्वत पाटिया स्थित अनमोल कॉम्प्लेक्स की है. यहां तीसरी मंजिल पर रहने वाली 70 वर्षीय लीलाबेन चंदूभाई चौधरी अपने नाती हर्ष पटेल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती थीं. गुरुवार दोपहर घर में सिर्फ नानी और नाती मौजूद थे. इसी दौरान दोनों के बीच बहस हुई और गुस्से में आकर हर्ष ने रसोई से चाकू उठाकर नानी के गले पर हमला कर दिया.
हत्या के बाद झूठी कहानी बनाई
हमले में लीलाबेन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं और कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई. घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी हर्ष वहीं मौजूद था. उसने पुलिस के सामने रोने का नाटक किया और कहा कि उसकी नानी परेशान थीं और उन्होंने खुद पर चाकू से हमला कर लिया. उसने यह भी दावा किया कि वह उन्हें बचाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हाथापाई में गले पर चोट लग गई.
हर्ष ने यही कहानी पड़ोसियों और रिश्तेदारों को भी सुनाई ताकि किसी को उस पर शक न हो. हालांकि पुलिस को उसकी बातों पर संदेह हुआ. सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. पुलिस जांच में सामने आया कि हर्ष लंबे समय से बेरोजगार था. वह देर रात तक जागता और दिन में देर तक सोता रहता था. नानी लीलाबेन उसे बार-बार काम करने और जिम्मेदारी समझने की सलाह देती थीं.
वो अक्सर कहती थीं कि अब वह बड़ा हो गया है और उसे अपनी पत्नी और बहन के बारे में भी सोचना चाहिए. बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था. वारदात वाले दिन भी नानी ने उसे काम करने की नसीहत दी थी, जिससे गुस्से में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.
पुलिस पूछताछ में टूट गया आरोपी
मृतका लीलाबेन पिछले करीब 10 साल से हर्ष और उसकी बहन की देखभाल कर रही थीं. हर्ष की मां दूसरी शादी कर अलग रहती थी. जिस नानी ने मां बनकर पोते को पाला, उसी पोते ने उनकी हत्या कर दी. सूरत पुलिस ने आरोपी हर्ष पटेल को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है.