scorecardresearch
 

गुजरात में होगा ट्रंप का भव्य स्वागत, एयरपोर्ट से गांधी आश्रम तक करेंगे रोड शो

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पहली भारत यात्रा पर आ रहे हैं. इस महीने के आखिर में वो गुजरात आएंगे और अहमदाबाद में रोड शो करेंगे.

Advertisement
X
गुजरात में दिखेगा मोदी-ट्रंप का जलवा (File Pic)
गुजरात में दिखेगा मोदी-ट्रंप का जलवा (File Pic)

  • डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे की तैयारियां तेज
  • अहमदाबाद में रोड शो करेंगे डोनाल्ड ट्रंप
  • साबरमती रिवर फ्रंट भी जाएंगे ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसी महीने भारत आ रहे हैं और उनके स्वागत की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. अपनी पत्नी मेलानिया के साथ आ रहे डोनाल्ड ट्रंप गुजरात के अहमदाबाद भी जाएंगे, जहां पर वह एक रोड शो करेंगे. डोनाल्ड ट्रंप को यहां पर दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करना है, जिसके लिए खास तैयारियां की जा रही हैं.

अहमदाबाद के एयरपोर्ट से मोटेरा स्टेडियम और फिर गांधी आश्रम तक डोनाल्ड ट्रंप का खास स्वागत किया जाएगा. जिसकी तैयारियां अहमदाबाद का म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन कर रहा है. अहमदाबाद के एयरपोर्ट पर गुजराती नृत्य गरबा के प्रदर्शन के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति का स्वागत होगा.

एयरपोर्ट से गांधी आश्रम तक के रोड शो में अमेरिकी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक खुली जीप में सवार होंगे और लोगों का अभिवादन करेंगे. अहमदाबाद के साबरमती आश्रम में डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे. इसके अलावा वो साबरमती रिवर फ्रंट पर भी जाएंगे.

Advertisement

बता दें कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करने के बाद दोनों नेता यहां एक कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे. जिसमें करीब 1 लाख से अधिक लोग पहुंचेंगे. इसके बाद दोनों नेता दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां पर औपचारिक बातचीत होगी.  

गौरतलब है कि भारत आने से पहले बुधवार को ही डोनाल्ड ट्रंप ने खुशी जताई. एक बयान में उन्होंने कहा कि वह भारत जाने के लिए उत्सुक हैं, उन्हें बताया गया है कि एयरपोर्ट के पास अहमदाबाद में लाखों लोग उनका स्वागत करेंगे.

डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर उनका स्वागत किया. पीएम मोदी ने लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी के 24-25 फरवरी को भारत यात्रा पर आने को लेकर बहुत खुश हूं, हमारे माननीय अतिथियों का यादगार स्वागत किया जाएगा.

पीएम ने ट्वीट में लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा विशेष है और यह भारत-अमेरिका की दोस्ती को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम होगा. भारत और अमेरिका के मजबूत संबंध न केवल हमारे नागरिकों के लिए बल्कि पूरे विश्व के लिए बेहतर होंगे.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement