scorecardresearch
 

AIIMS राजकोट में इंटर्न डॉक्टर ने की खुदकुशी, 17 पन्नों के नोट में क्लासमेट पर मारपीट का आरोप, 5 गिरफ्तार

गुजरात के राजकोट स्थित AIIMS के 25 वर्षीय इंटर्न डॉक्टर रतनकुमार मेघवाल की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पांच सहपाठियों को गिरफ्तार किया है. मेघवाल का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था. घटनास्थल से 17 पन्नों का नोट मिला, जिसमें सहपाठियों पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने BNS और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.

Advertisement
X
घटनास्थल से 17 पन्नों का सुसाइड नोट मिला.(Photo: Representational)
घटनास्थल से 17 पन्नों का सुसाइड नोट मिला.(Photo: Representational)

गुजरात के राजकोट स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के 25 वर्षीय एक इंटर्न डॉक्टर की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पांच सहपाठियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार डॉक्टर ने आत्महत्या से पहले एक नोट छोड़ा था, जिसमें उसने अपने सहपाठियों पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया था.

मृतक की पहचान रतनकुमार मेघवाल के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जैसलमेर का निवासी था. उसका शव शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे राजकोट के पास घंटेश्वर और पारा पिपलिया के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला. पुलिस के अनुसार मेघवाल की ट्रेन से टकराने से मौत हुई.

यह भी पढ़ें: राजकोट नगर निगम का मेगा डिमोलिशन, 1450 से ज्यादा मकानों-दुकानों पर बुलडोजर एक्शन

घटनास्थल से मिला 17 पन्नों का नोट

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास मेघवाल का लैपटॉप, मोबाइल फोन, मेडिकल फाइलें और पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं. वहीं घटनास्थल से 17 पन्नों का एक नोट भी मिला, जिसमें उसने अपने कुछ सहपाठियों पर उसे प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है.

इस मामले में मेघवाल के पिता की शिकायत के आधार पर गांधिग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.

Advertisement

जनवरी से चल रही थी प्रताड़ना

पुलिस के मुताबिक, शिकायत में कहा गया है कि इस साल जनवरी से मेघवाल के सहपाठी उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. यह प्रताड़ना एक लड़की के साथ उसके रिश्ते को लेकर संदेह के कारण की जा रही थी.

राजकोट के पुलिस उपायुक्त (जोन-2) राकेश देसाई ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है.

कड़ी सुरक्षा में परीक्षा देंगे आरोपी

डीसीपी राकेश देसाई ने बताया कि एमबीबीएस अंतिम वर्ष की परीक्षाएं सोमवार से शुरू होने वाली हैं. अदालत ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी है.

पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement