दिल्ली के कई हिस्सों हल्की बारिश हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है. लोगों को कई दिनों से बारिश का इंतजार था. आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के साथ हो रही इस बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है. सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार कम हो गई है, लोग चाय-पकोड़ों के साथ मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं और बच्चे बारिश में नहाने का आनंद ले रहे हैं. इस सुहाने मौसम ने लोगों की जिंदगी में एक नई ताज़गी ला दी है.
जहां कुछ इलाकों में तेज़ बारिश हो रही है, तो वहीं कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो रही है. इस बारिश ने दिल्ली वासियों को गर्मी से थोड़ी राहत दी है.
राजधानी दिल्ली में जहां लोग बारिश का इंतजार कर रहे थे तो वहीं देश के कई हिस्सों जैसे जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र, असम में बारिश से बुरे हालात हैं. इन इलाकों में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. सड़कें पानी से लबालब भरी हैं.
महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और गुजरात में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं. यहां नदी-नाले उफान पर है, लोगों के घरों में भी पानी घुस आया है. सड़कें जलमग्न हैं, नदियों का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है. कई जगह तो हालात इतने खस्ता हैं कि लोगों को दफ्तर आदि जाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है.
महाराष्ट्र में मानसून के आगमन के साथ ही तेज़ बारिश शुरू हो गई थी. कई इलाके तेज बारिश में डूब गए हैं. बारिश के कारण पवना बांध अपनी क्षमता के अनुसार 95% तक भर गया है. जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश के कारण स्थिति बिगड़ रही है. अधिकारी पहले ही अलर्ट पर हैं. अनंतनाग में लगातार हो रही बारिश के कारण झेलम नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है.