scorecardresearch
 

60 लाख का पैकेज, दो बच्चे और साढ़े 3 साल की शादी... दिल्ली में इंजीनियर की मौत के पीछे ससुराल कनेक्शन!

दिल्ली में 31 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय की मौत के बाद से परिवार सदमे में है. 60 लाख रुपये का पैकेज, दो बच्चे और साढ़े 3 साल की शादी... लेकिन एक विवाद के बाद विनय की जान चली गई. परिवार ने विनय के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने इस मामले में पत्नी रेखा, उसके दो भाइयों और भाभी को गिरफ्तार किया है.

Advertisement
X
इंजीनियर के दो जुड़वां बच्चे हैैं. (Photo: ITG/ Himanshu Mishra)
इंजीनियर के दो जुड़वां बच्चे हैैं. (Photo: ITG/ Himanshu Mishra)

दिल्ली के निहाल विहार एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत की कहानी सामने आई है. एक बच्चे को दवाई लगाने की बात से विवाद हुआ. फिर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ. पत्नी घर से बाहर गई. करीब 10 मिनट बाद वापस लौटी, लेकिन इस बार अकेली नहीं थी. उसके साथ मायके के लोग थे. कुछ देर बाद पड़ोसी एक शख्स को कंधे पर उठाकर घर से बाहर निकलता दिखा. वो शख्स था 31 साल का सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय. अस्पताल पहुंचने के बाद उसकी मौत हो गई.

अब इस मामले में विनय की पत्नी रेखा, उसके दो भाइयों और एक भाभी को गिरफ्तार किया गया है. विनय के परिवार ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. 

विनय की उम्र 31 साल थी. IT सेक्टर में नौकरी. परिवार के मुताबिक, करीब 60 लाख रुपये का पैकेज. करीब साढ़े 3 साल पहले बुध विहार की रहने वाली रेखा से शादी हुई थी. दोनों के जुड़वा बच्चे हैं- एक बेटा और एक बेटी. जिंदगी की तस्वीर बाहर से ठीक-ठाक दिखती थी. नौकरी अच्छी, शादी को कुछ ही साल हुए और घर में दो बच्चे.

लेकिन विनय के परिवार का दावा है कि शादी के बाद से ही घर में रिश्ते सहज नहीं थे. छोटी-छोटी बातों पर विवाद होता था. रेखा की अपनी सास से भी कहासुनी होती थी. परिवार का आरोप है कि रेखा के भाई की तरफ से विनय को धमकी तक दी जाती थी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: दिल्ली के जंगपुरा में बुजुर्ग महिला की हाथ-पैर बांधकर हत्या, घर से ज्वेलरी गायब, बेटियों की शादी के बाद अकेली रहती थीं

विनय की मां के मुताबिक, घर में बच्चे को दवाई लगाने की बात को लेकर विनय और रेखा के बीच विवाद हुआ. बात बढ़ी तो विनय ने कथित तौर पर ऊंची आवाज में बात कर दी. रेखा नाराज हुई और घर से बाहर चली गई. परिवार के मुताबिक, लगभग 10 मिनट बाद रेखा वापस आई. लेकिन उसके साथ सिर्फ उसका कोई एक रिश्तेदार नहीं था. उसके दो भाई, भाभी, पिता और एक अन्य शख्स समेत कई लोग उसके साथ थे. यानी पति-पत्नी के झगड़े में अब मायके के लोग भी घर पहुंच चुके थे.

इस मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें रेखा लाल सूट में दिखाई दे रही है. उसके साथ उसकी भाभी नीले सूट में नजर आती है. कार के पास रेखा के दो भाई, पिता और एक अन्य व्यक्ति भी दिखाई देता है. इसके बाद क्या हुआ, इसकी पूरी तस्वीर पुलिस की जांच से सामने आएगी. लेकिन विनय के परिवार का आरोप है कि घर के अंदर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.

परिवार का कहना है कि विनय अपने ससुराल वालों के लिए पानी तक लेकर आया था. लेकिन इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई. आरोप है कि विनय का गला दबाया गया. उसकी छाती पर हाथ और पैर से वार किए गए. विनय के माता-पिता वहीं मौजूद थे. परिवार का दावा है कि उन्होंने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई.

Advertisement

बाहर आया तो पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा था विनय

कुछ देर बाद एक पड़ोसी विनय को कंधे पर उठाकर घर से बाहर आता दिखाई देता है. विनय अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा था. पड़ोसी ने उसे कुर्सी पर बैठाया. इसके बाद विनय को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों की कोशिश काम नहीं आई और विनय की मौत हो गई.

यह भी पढ़ें: अवैध संबंध, मर्डर और खेत में लाश... पति की हत्या के आरोप में प्रेमी समेत पत्नी गिफ्तार, खूनी साजिश का शक

विनय का परिवार आरोप लगा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से तनाव था. परिवार का कहना है कि रेखा अक्सर उसकी मां से झगड़ा करती थी. छोटे-छोटे विवादों पर भी उसके भाई की तरफ से विनय को धमकी देने का आरोप है. परिवार का ये भी दावा है कि विनय को घर की तीसरी मंजिल पर अलग जगह दी गई थी और रेखा अलग खाना बनाती थी. विनय के परिवार का यह भी आरोप है कि रेखा ने घर के CCTV कैमरे बंद कर दिए थे.

पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें विनय की पत्नी रेखा, उसके दो भाई और एक भाभी शामिल हैं. अब जांच में CCTV फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले सबूत और आरोपियों के बयान अहम होंगे. सवाल है कि क्या ये सिर्फ एक घरेलू झगड़ा था, जो अचानक बेकाबू हो गया? या फिर इसके पीछे लंबे समय से चल रहा कोई विवाद था? फिलहाल चार लोग गिरफ्तार हैं. इस पूरे मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement