scorecardresearch
 

'रात भर से भटक रहे, घर पहुंचना मुश्किल...' ट्रेनें रद्द होने पर मुसाफिरों का दर्द

CJP प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. करीब 170 लोकल और कम दूरी की ट्रेनें रद्द की गई हैं. इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कई यात्री वैकल्पिक साधनों से सफर पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं.

Advertisement
X
यात्री अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए परेशान है. (Photo-ITG)
यात्री अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए परेशान है. (Photo-ITG)

दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एक यात्री ने बताया कि वह गुजरात से आया था. उसे गाजियाबाद जाना था. उसने सोचा कि निजामुद्दीन स्टेशन पर उतरकर वहां से लोकल ट्रेन पकड़ लेगा. लेकिन वहां ट्रेन नहीं मिली. इसके बाद उसे रिक्शा लेकर नई दिल्ली स्टेशन आना पड़ा. यहां पहुंचने के बाद भी उसे ट्रेन नहीं मिली. 

वहीं, एक दूसरे यात्री ने बताया कि उसे पहले से जानकारी नहीं थी कि आज ट्रेनें रद्द रहेंगी. अब वह लखनऊ जाकर वहां से दूसरी ट्रेन पकड़ने या बस से सफर करने की सोच रहा है.

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. तकरीबन 170 लोकल और कम दूरी की ट्रेनें रद्द की गई हैं. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बोर्ड पर एक के बाद एक ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी दिखाई दे रही है. इससे कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्ते तलाशने पड़ रहे हैं.

एक यात्री ने बताया कि उसकी ट्रेनें रद्द हो गई हैं. अब वह पहले लखनऊ जाएगा और वहां से दूसरी ट्रेन पकड़ने की कोशिश करेगा. अगर ट्रेन नहीं मिली तो बस से जाने का विकल्प अपनाएगा. उसने कहा कि उसे पहले से पता नहीं था कि आज ट्रेनें रद्द रहेंगी.

Advertisement

'टैक्सी वाले ने रास्ते में ही छोड़ दिया'

दिल्ली पहुंचने वाले कुछ लोगों को सड़क पर भी परेशानी हुई. दुबई से आए एक यात्री ने बताया कि एयरपोर्ट से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन आने के लिए उसने टैक्सी बुक की थी. लेकिन टैक्सी ड्राइवर ने रास्ते में ही उसे छोड़ दिया. इसके बाद उसे दूसरी टैक्सी करनी पड़ी. यात्री के मुताबिक, रास्ते में जाम था और पुलिस लोगों को रोक रही थी. टैक्सी चालक ने आगे जाने में असमर्थता जताई. ऐसे में स्टेशन तक पहुंचने में उसे काफी दिक्कत हुई.

राजस्थान के भीलवाड़ा से आए मनीष ने बताया कि वह प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं. उन्हें रास्ते में कई लोगों को रोके जाने और हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिली. जयपुर स्टेशन पर भी पुलिस ने उनसे पूछा कि वह कहां जा रहे हैं और किस काम से दिल्ली आए हैं.

प्रदर्शन में शामिल होने आए लोगों के सामने अब यह सवाल है कि वे प्रदर्शन स्थल तक कैसे पहुंचेंगे. वहीं, यात्रियों को ट्रेन रद्द होने और दूसरे साधन तलाशने के कारण परेशानी हो रही है.

यह भी पढ़ें: CJP Delhi Protest: आज 170 ट्रेनें रद्द, 9 के स्टेशन बदले... घर से निकलने से पहले देख लें लिस्ट

Advertisement

दिल्ली की सीमाओं पर भी कड़ी सुरक्षा

दिल्ली से लगे नोएडा बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. पुलिस की ओर से लोगों को बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की इजाजत नहीं है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आने वालों को रोका जा सकता है और हिरासत में लिया जा सकता है. नियमों का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की बात भी कही गई है.

वहीं प्रदर्शन आयोजकों के मुताबिक, सुबह 10 बजे से लोग जुटना शुरू करेंगे. अब नजर इस बात पर है कि पुलिस की चेतावनी और सुरक्षा इंतजामों के बीच कितने लोग प्रदर्शन स्थल तक पहुंच पाते हैं. वहीं, ट्रेनें रद्द होने से आम यात्रियों की परेशानी भी सामने आ रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement