राजधानी दिल्ली में अवैध गैस सिलेंडर जमा करने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में पुलिस ने जनकपुरी इलाके में छापेमारी कर एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मौके से 3 लोगों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में अवैध सिलेंडर बरामद किए हैं.
पुलिस जब जांच के लिए मौके पर पहुंची, तो वहां सरेआम अवैध तरीके से गैस भरने का काम चल रहा था. जांच में सामने आया कि यह सारा काम जनकपुरी स्थित 'ब्लू फ्लेम गैस सर्विसेज' के नाम पर किया जा रहा था. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद सभी सिलेंडरों को कब्जे में ले लिया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 45 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं. इसके साथ ही एक टेम्पो भी जब्त किया गया है, जिसका इस्तेमाल इन सिलेंडरों को लाने-ले जाने के लिए किया जा रहा था. पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया.
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने इस पूरे मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) के तहत एफआईआर दर्ज की है. पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि अवैध गैस सिलेंडर जमा करने और बिना अनुमति गैस भरने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा.