दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के स्पॉन्सर्ड अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में पंजाब से तीन और दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उनके पास से विदेशी हथियार बरामद किए हैं.
जांच में पता चला है कि आरोपियों ने पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली में धार्मिक स्थलों और दिल्ली पुलिस के महत्वपूर्ण ठिकानों पर आतंकी हमले की साजिश रची थी. एक आरोपी को इन जगहों की रेकी करने और पुलिस प्रतिष्ठानों पर फायरिंग करने का टास्क सौंपा गया था.
पुलिस ने बताया कि स्पेशल सेल को विश्वनीय सूत्रों से पुख्ता सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी पंजाब के युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल कर दिल्ली में बड़ा हमला करने की फिराक में है. इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने पंजाब के अमृतसर स्थित मजीठा रोड पर छापेमारी कर पहले आरोपी शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया.
पुलिस ने उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए. पूछताछ में शुभदीप ने कबूल किया कि वह पाकिस्तानी ड्रोन ऑपरेटरों के संपर्क में था और सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार तथा नशीले पदार्थों की खेप मंगाता था.
आरोपियों का पुराना क्राइम रिकॉर्ड
शुभदीप सिंह से मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस ने पंजाब में आगे की कार्रवाई करते हुए उसके दो और साथियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को धर दबोचा. पुलिस ने इन दोनों के कब्जे से एक अत्याधुनिक जिगाना पिस्तौल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
जांच में सामने आया कि 23 वर्षीय शुभदीप सिंह और 28 वर्षीय साजन सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वो दोनों पहले भी पंजाब पुलिस द्वारा एनडीपीएस के मामलों में गिरफ्तार किए जा चुके हैं.
थानों और धार्मिक स्थलों की रेकी
इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने 24 अप्रैल को चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया. गगनप्रीत मूल रूप से पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले का रहने वाला है और उसके मोबाइल फोन से पुलिस को कई आपत्तिजनक डिजिटल सबूत मिले हैं.
पाकिस्तानी हैंडलरों ने गगनप्रीत को विशेष रूप से दिल्ली के संवेदनशील धार्मिक स्थलों, महत्वपूर्ण पुलिस थानों और पुलिस पिकेट की वीडियो बनाकर रेकी करने का जिम्मा सौंपा था. इसके साथ ही उसे दिल्ली के इन पुलिस प्रतिष्ठानों पर अंधाधुंध फायरिंग करने का टास्क भी दिया गया था.
सीमा पार से ऑपरेट हो रहा था नेटवर्क
पकड़े गए आरोपियों में से शुभदीप सिंह पंजाब के तरनतारन जिले का रहने वाला है जो पाकिस्तान सीमा से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. वह और उसका साथी गुरजंत सिंह पाकिस्तानी तस्करों से सीधे जुड़े हुए थे. ये सभी आरोपी सुरक्षा एजेंसियों की ट्रैकिंग से बचने के लिए अपने पाकिस्तानी आकाओं द्वारा मुहैया कराए गए विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे. हालांकि, स्पेशल सेल की कड़ी तकनीकी निगरानी और त्वरित कार्रवाई ने ISI के इस खतरनाक मंसूबे को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया है.