दिल्ली NCR का मौसम बुधवार शाम को अचानक बदल गया. नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं और धूप हल्की रहने से लोगों को बाहर निकलने में राहत मिली. जबकि शाम होते-होते बादल छा गए और ठंडी हवाओं ने माहौल को और सुहावना बना दिया. शाम को दिल्ली, गाजियाबाद और NCR में तेज हवा के साथ बारिश हुई.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे हाल के दिनों में बढ़ी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है. IMD (India Meteorological Department) के अनुसार, दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि रात में आसमान पूरी तरह बादलों से ढका रह सकता है.
मौसम विभाग ने बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान जताया है. बुधवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है. गुरुवार और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें बीच-बीच में हल्की बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण दिन का तापमान घटने की उम्मीद है. गुरुवार को तापमान 29 से 31 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि शुक्रवार को यह 27 से 29 डिग्री तक आ सकता है.
20 मार्च को भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जिसमें बादल और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. 21 मार्च से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और 22 से 24 मार्च के बीच भारी बारिश की संभावना नहीं है.
इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में तापमान काफी ज्यादा रहा था और कई दिनों तक 35 डिग्री से ऊपर बना रहा. 11 मार्च को तापमान 36.8 डिग्री तक पहुंच गया था. ऐसे में बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को राहत मिलेगी.
एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 के पार
दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 के पार पहुंचने के बावजूद पाबंदियां लागू नहीं की गई हैं. एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन ने बुधवार को फैसला लिया कि फिलहाल ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के पहले फेज को लागू करने की जरूरत नहीं है.
इससे पहले सोमवार को एयर क्वालिटी में सुधार के बाद सभी पाबंदियां हटा ली गई थीं. ग्रेप के चार चरण होते हैं, जो एयर क्वालिटी इंडेक्स के आधार पर लागू किए जाते हैं. 201 से 300 के बीच पहला चरण, 301 से 400 के बीच दूसरा, 401 से 500 के बीच तीसरा और 450 से ऊपर चौथा चरण लागू होता है.
बुधवार शाम 4 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 232 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. इसके बाद शाम 6 बजे यह घटकर 218 हो गया.