scorecardresearch
 

Delhi Weather: दिन सुहावने और रातें ठंडी... दिल्ली में मार्च में नहीं पड़ेगी भीषण गर्मी, जानें आज का मौसम

दिन में हल्की गर्माहट और रात में ठंडक का संतुलन दिल्ली वालों को इन दिनों सुकून दे रहा है. बीच-बीच में होने वाली हल्की बारिश और बादल गर्मी पर ब्रेक लगा रहे हैं. फिलहाल राजधानी में भीषण गर्मी की शुरुआत टलती दिख रही है.

Advertisement
X
दिल्ली में आज आंशिक बादल छाए रहने के आसार (Photo-PTI)
दिल्ली में आज आंशिक बादल छाए रहने के आसार (Photo-PTI)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मार्च का बचा हुआ महीना संतुलित और सुहावना रहने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मार्च में भीषण गर्मी या हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना फिलहाल नहीं है. दिन में हल्की गर्माहट और रात में ठंडक के चलते मौसम लोगों के लिए राहत भरा बना हुआ है.

हाल के दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर देखी गई है. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास है. वहीं पालम, लोधी रोड और रिज जैसे इलाकों में तापमान 28 से 29 डिग्री के बीच रहा. न्यूनतम तापमान भी 16 से 18 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है.

आज का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बीच-बीच में आंशिक बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का दौर जारी रहेगा. हाल ही में सफदरजंग और लोधी रोड जैसे क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे दिन के तापमान पर ब्रेक लगा और मौसम और भी सुहावना हो गया. आईएमडी के मुताबिक आज, मंगलवार को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

Advertisement

पश्चिमी विक्षोभ निभा रहे अहम भूमिका

विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार मार्च में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अहम भूमिका निभा रहे हैं. इन मौसम प्रणालियों की वजह से उत्तर भारत में बार-बार बादल, हल्की बारिश और ठंडी हवाओं का असर बना हुआ है, जिससे तापमान ज्यादा बढ़ नहीं पा रहा. आमतौर पर मार्च के अंत तक दिल्ली में गर्मी बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार तापमान 30 से 32 डिग्री के आसपास ही रहने की संभावना है. यही कारण है कि लोगों को दिन में हल्की गर्मी तो महसूस होगी, लेकिन रातें आरामदायक और ठंडी बनी रहेंगी.

फिर होगी बारिश!

स्काईमेट के मुताबिक, इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर सक्रिय है, जो आगे बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई. 25 मार्च की रात को एक और पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय की ओर आएगा, जिससे 25-26 मार्च की रात हल्की बारिश हो सकती है.

यह बारिश एक दिन तक सीमित रहेगी. इसके बाद महीने के अंत में एक और सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिससे मार्च का अंत फिर बारिश के साथ हो सकता है. बार-बार बदलते मौसम के कारण दिन का तापमान सामान्य से बेहतर और रातें सुहावनी व हल्की ठंडी रहेंगी. अप्रैल के दूसरे पखवाड़े तक प्री-मॉनसून जैसी तेज गर्मी लौटने की संभावना नहीं है.

Advertisement

वहीं, हवा की गुणवत्ता भी फिलहाल बहुत खराब स्थिति में नहीं है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 133 के साथ ‘मॉडरेट’ श्रेणी में बना हुआ है, जो आने वाले दिनों में भी इसी स्तर पर रहने का अनुमान है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement