राजधानी दिल्ली में गुरुवार को भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया. इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जब सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण पूरे दिन लोग गर्मी से परेशान रहे.
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में तापमान में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली. रिज क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा है. इसके अलावा पालम में 41.6 डिग्री, लोधी रोड में 41.4 डिग्री और आयानगर में 41.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. इससे साफ है कि पूरे शहर में गर्मी का असर एक जैसा बना हुआ है.
रात के समय भी लोगों को राहत नहीं मिली. न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहा. सफदरजंग में रात का तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है. पालम में 25.6 डिग्री, लोधी रोड में 23 डिग्री, रिज में 25.4 डिग्री और आयानगर में 25.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. इससे यह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रातों में से एक रही.
दिल्ली के सभी इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार
हालांकि तापमान में इतनी बढ़ोतरी के बावजूद अभी आधिकारिक रूप से हीटवेव घोषित नहीं की गई है. मौसम विभाग के अनुसार हीटवेव घोषित करने के लिए कम से कम दो मौसम केंद्रों पर लगातार दो दिन तक तय मानकों को पूरा करना जरूरी होता है. विभाग के अनुसार जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर हो और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा हो, तब हीटवेव की स्थिति मानी जाती है.
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई है. इसके बाद 26 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है.
अगले दो दिन गर्मी और बढ़ेगी, 26 अप्रैल को राहत की उम्मीद
वहीं, हवा की गुणवत्ता भी मध्यम श्रेणी में बनी हुई है. एयर क्वालिटी इंडेक्स 176 दर्ज किया गया, जो ‘मॉडरेट’ श्रेणी में आता है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार 0 से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर माना जाता है. गर्मी के इस बढ़ते असर ने लोगों की दिनचर्या पर असर डालना शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.