पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में सोमवार तड़के एक मामूली पार्किंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जिसके बाद एक 34 वर्षीय पंकज नैयर नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.
पुलिस के अनुसार घटना प्रीत विहार के A-144 इलाके में करीब 2:20 बजे के आसपास हुई. इस संबंध में पुलिस को दो PCR कॉल मिलीं. पहली कॉल 02:22 बजे और दूसरी 02:26 बजे, जिनमें गोली चलने और झगड़े की सूचना दी गई थी. मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
पंकज को सीने में मारी गई गोली
बताया जा रहा है कि एक पक्ष में पंकज नैयर और उनके बड़े भाई पारस (43 वर्ष) थे, जबकि दूसरे पक्ष में स्थानीय निवासी गौरव शर्मा शामिल था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि गौरव शर्मा ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी. गोली सीधे पंकज नैयर के सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायल पंकज को तुरंत पास के निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद आरोपी गौरव शर्मा अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया. पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं.
आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से है बाहर
पुलिस ने इस मामले में प्रीत विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 115(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत FIR संख्या 106/2026 दर्ज कर ली है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.