दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज गोलीकांड की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, अमर कॉलोनी स्थित एक फूड पॉइंट पर साहिल नामक युवक को गोली मार दी गई. यह वारदात करीब साढ़े 7 बजे की बताई जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साहिल अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वहां खाना खा रहा था. उसी दौरान पास में बैठे तीन युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. मामूली नोकझोंक देखते ही देखते हिंसक हो गई और आरोप है कि इसी विवाद के बाद साहिल पर गोली चला दी गई.
गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल साहिल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. फिलहाल हमलावर फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं.
फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस ने डिटेल जानकारी शेयर की है. पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम 7:54 बजे पीसीआर कॉल के जरिए अमर कॉलोनी स्थित एक खाने-पीने की दुकान पर गोली चलने की सूचना मिली थी.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, थाना प्रभारी और एसीपी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक घायल को अस्पताल ले जाया जा चुका था. इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां घायल को वेंटिलेटर पर बेहोशी की हालत में पाया गया.
पिता चलाते हैं लॉन्ड्री
पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल 17 वर्षीय किशोर है, जिसके पिता छतरपुर एन्क्लेव क्षेत्र में एक लॉन्ड्री चलाते हैं. प्रारंभिक जांच के अनुसार, किशोर अपने दोस्तों के साथ खाने के लिए गया था. इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लड़कों में से एक ने उसकी कुर्सी को टक्कर मार दी, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई.
इसके बाद वह ग्रुप वहां से चला गया, लेकिन लगभग 4-5 मिनट बाद वापस लौटा. लौटने पर उनमें से एक युवक ने किशोर पर एक गोली चला दी और मौके से फरार हो गया. पुलिस ने बताया कि इस घटना में केवल एक गोली चली और सिर्फ एक ही व्यक्ति घायल हुआ, जबकि अन्य किसी को चोट नहीं आई.
घायल को पहले मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत नाजुक है लेकिन फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
पुलिस ने मामले में क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू कर दी है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी जांच के लिए कई टीमें लगाई गई हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.