scorecardresearch
 

यौन उत्पीड़न के आरोपी कांग्रेस सांसद के खिलाफ BJP ने खोला मोर्चा, राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन

बीजेपी की महिला सांसदों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. उन्होंने JNU में यौन उत्पीड़न के आरोपी कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम की लोकसभा सदस्यता निलंबन की मांग की. उन्होंने राष्ट्रपति से शिकायतकर्ता छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई.

Advertisement
X
बीजेपी महिला मोर्चा ने राष्ट्रपति से मिलकर ज्ञापन सौंपा. (Photo- X/Bansuri Swaraj)
बीजेपी महिला मोर्चा ने राष्ट्रपति से मिलकर ज्ञापन सौंपा. (Photo- X/Bansuri Swaraj)

JNU में यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को लेकर बीजेपी का विरोध जारी है. लोकसभा सदस्यता निलंबित करने की मांग को लेकर बीजेपी की महिला सांसदों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. 

सांसदों के इस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप करने और शिकायतकर्ता छात्राओं की सुरक्षा तय करने की गुहार लगाई है. बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने ताया कि 15 महिला सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात की है.

उन्होंने कहा कि अकोइजम, जो JNU में प्रोफेसर भी रहे हैं, उनके खिलाफ आरोप हैं. प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से उन्हें लोकसभा से बर्खास्त करने और शिकायतकर्ता छात्राओं को सुरक्षा देने की मांग की है. चौधरी ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है.

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीजेपी सांसद डी पुरंदेश्वरी ने किया, जिसमें रूप कुमारी चौधरी और दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई प्रमुख महिला सांसद शामिल थीं.

राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन, रखी ये प्रमुख मांगें

राष्ट्रपति को सौंपे गए ज्ञापन में बीजेपी ने बिना किसी राजनीतिक प्रभाव या हस्तक्षेप के अकोइजम के खिलाफ निष्पक्ष और त्वरित कानूनी कार्यवाही की मुख्य मांग रखी है. पार्टी ने मांग की है कि इस मामले को लोकसभा अध्यक्ष के ध्यान में लाया जाए और सांसद के आचरण की जांच के लिए इसे एथिक्स कमेटी के पास भेजा जाए.

Advertisement

संसदीय गरिमा और नैतिक मर्यादा का हवाला देते हुए महिला सांसदों ने जांच पूरी होने तक अकोइजम को संसदीय कार्यवाही से तुरंत सस्पेंड करने की मांग की. साथ ही, शिकायतकर्ता 11 छात्राओं की सुरक्षा करने की अपील की ताकि उनके अकादमिक भविष्य या शोध पर कोई असर न पड़े.

कांग्रेस के रवैये और चुप्पी पर उठाए सवाल

महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा इस संवेदनशील मुद्दे पर पूरी तरह चुप हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रियंका गांधी का 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा केवल बातों तक ही सीमित रह गया है. शिकायतकर्ता छात्राएं सहमी हुई हैं क्योंकि आरोपी एक प्रभावशाली कांग्रेस नेता हैं.

नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने एक्स पर लिखा, 'आज 15 साथी महिला सांसदों के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर JNU मामले में छात्राओं की शिकायतों, जांच में सामने आए तथ्यों और उनकी सुरक्षा और न्याय से जुड़े मामलों को उनके सामने रखा'

उन्होंने आगे कहा, 'न्याय किसी भी लोकतंत्र की आत्मा है और महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा एक सभ्य समाज की बुनियाद. जब बेटियां न्याय की उम्मीद लेकर सामने आती हैं, तो उनकी आवाज को गंभीरता से सुनना, उन्हें डर का माहौल देना और निष्पक्ष कार्रवाई तय करना हम सभी की जिम्मेदारी है.'

Advertisement

बांसुरी स्वराज ने बताया कि हमारी मांग साफ है, शिकायतकर्ता छात्राओं को पूर्ण संरक्षण मिले और जांच के नतीजों के आधार पर नियमों के मुताबिक सख्त कार्रवाई हो. बेटियों का सम्मान किसी विचारधारा का विषय नहीं, हमारी नैतिक जिम्मेदारी है. उनके सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए हमारी आवाज और संकल्प अडिग रहेंगे.

मई 2026 में दर्ज हुई थीं शिकायतें, JNU कर चुका है बर्खास्त

बता दें कि JNU प्रशासन ने यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच में दोषी पाए जाने के बाद पिछले सप्ताह ही अकोइजम को प्रोफेसर पद से बर्खास्त कर दिया था. वो JNU के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के तहत सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स में थे.

मई 2026 में 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वो बैठकों के बहाने छात्राओं को अपने घर पर बुलाकर शोषण की कोशिश करते थे और क्लास में अश्लील टिप्पणियां करते थे.

JNU के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर 11 अक्टूबर को दिल्ली के वसंत कुंज नॉर्थ थाने में FIR भी दर्ज हो गई है. प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम के खिलाफ BNS की धारा 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज

Advertisement

दूसरी तरफ, बीजेपी महिला मोर्चा ने आरोप लगाया था कि JNU यौन उत्पीड़न को लेकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बदसलूकी की. इसे मामले में बीजेपी महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

पश्चिम दिल्ली से BJP सांसद कमलजीत सहरावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मध्य दिल्ली के DCP रोहित राजबीर सिंह को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने दोषी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

यह भी पढ़ें: दिल्ली: कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता आपस में भिड़े, गाली-गलौच का आरोप, VIDEO

राहुल गांधी पर हमला

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारी को सोमवार को हुई घटना के वीडियो फुटेज भी सौंपे हैं. घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ये 'अशोभनीय व्यवहार' राहुल गांधी से सीखा है. दिल्ली बीजेपी ने मांग की है कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई करे.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस मामले को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर पार्टी सांसद के खिलाफ लगे आरोपों पर राहुल गांधी की चुप रहने की नीति पर सवाल उठाए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement