scorecardresearch
 

'प्रशांत किशोर BJP की लोमड़ी', बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर RJD का तंज

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की बढ़त के बीच आरजेडी सांसद मीसा भारती ने उन्हें बीजेपी की 'लोमड़ी' बताया. उन्होंने दावा किया कि प्रशांत किशोर की जीत वास्तव में बीजेपी की जीत होगी और जनता को उनकी सच्चाई समझने में समय लगेगा.

Advertisement
X
मीसा भारती ने प्रशांत किशोर के ऊपर निशाना साधा है. ( File Photo- PTI)
मीसा भारती ने प्रशांत किशोर के ऊपर निशाना साधा है. ( File Photo- PTI)

बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं. इस बीच आरजेडी सांसद और तेजस्वी यादव की बहन मीसा भारती ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए उन्हें बीजेपी की 'लोमड़ी' बताया है. उन्होंने दावा किया कि अगर प्रशांत किशोर यहां जीतते हैं तो यह वास्तव में बीजेपी की ही जीत होगी.

मीसा भारती ने कहा कि अगर देखा जाए तो यह बीजेपी उम्मीदवार की हार है, लेकिन अगर प्रशांत किशोर जीत रहे हैं तो यह बीजेपी की ही जीत है. उन्होंने उम्मीदवार बदले जाने पर भी सवाल उठाया और पूछा कि आखिर उम्मीदवारों को बदलने की वजह क्या थी?

प्रशांत किशोर के वादों पर सवाल उठाते हुए मीसा भारती ने कहा कि उन्होंने जनता से कई ऐसे वादे किए हैं, जिन्हें पूरा करना संभव नहीं है. किसी भी पार्टी के सांसद या विधायक के लिए उन सभी वादों को पूरा करना बेहद मुश्किल है. उन्होंने कहा कि बांकीपुर बीजेपी का गढ़ रहा है और जिस इलाके में पिछले 35-40 वर्षों से कोई काम नहीं हुआ, वहां बच्चों को पटना के प्राइवेट स्कूलों में दाखिला दिलाने और सरकारी स्कूल जाने की जरूरत नहीं होने जैसी बातें कही जा रही हैं.

Advertisement

प्रशांत किशोर बीजेपी की लोमड़ी

आजतक से बातचीत में भारती ने कहा कि 'कहा जा रहा था कि कुत्ता-बिल्ली नहीं लड़ा देंगे तो जीत जाएगा. दरअसल बीजेपी ने लोमड़ी लड़ा दी. प्रशांत किशोर जीते हैं, वो बीजेपी की लोमड़ी हैं.' उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की जनता, युवाओं और बच्चों को धोखा दिया जा रहा है.

मीसा भारती ने दावा किया कि जनता अभी इस सच्चाई को नहीं जानती कि प्रशांत किशोर ही बीजेपी के असली उम्मीदवार हैं. जनता को इसे समझने में समय लगेगा, लेकिन अगर वह जीतते हैं तो आगे यह देखने को मिलेगा.

तेजस्वी यादव और पीएम मोदी को लेकर भी बोलीं

मीसा भारती ने तेजस्वी यादव के विदेश जाने को लेकर उठने वाले सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव विदेश जाते हैं तो उस पर सवाल उठाए जाते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश जाने पर सवाल नहीं उठते. उन्होंने पीएम मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का भी जिक्र किया. मीसा भारती ने कहा कि सदन में हर एक सदस्य प्रधानमंत्री के बराबर है. इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी में बड़ी साजिश होने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तीर से कई निशाने लगाए जा रहे हैं. उन्होंने नितिन नवीन और सम्राट चौधरी का जिक्र करते हुए कहा, 'आगे देखिए क्या होता है.'

Advertisement

जनादेश का सम्मान

बांकीपुर विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर की जीत करीब आने के बीच बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बीजेपी जनता के जनादेश का सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि हम विपक्ष की तरह चुनाव आयोग या EVM को दोष नहीं देते. हार के कारणों और हुई गलतियों की पूरी समीक्षा की जाएगी. उन्होंने कहा कि बिहार में छह महीने पहले ही बीजेपी ने 202 सीटें जीती थीं, इसे भी याद रखना चाहिए.

रोहिणी आचार्य का बयान

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे से यह फिर से साबित हो गया कि 'जीत उसकी जरूर होती है, जो लगातार लड़ता है, जनता से जिसका निरंतर जुड़ाव होता है, जो कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का सम्मान करता है और उनके साथ संपर्क व संवाद कायम रखता है.' उन्होंने आगे कहा, "ये जीत भाजपा के विरोध और लोकतंत्र में जनता के विश्वास की जीत है. विजेता को हार्दिक बधाई और जन-समर्पित कार्यकाल व भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement