scorecardresearch
 

₹152 करोड़ का एक घर! मुंबई के इस लग्जरी प्रोजेक्ट पर क्यों है रईसों की नजर

मुंबई के लग्जरी हाउसिंग बाजार के आंकड़े बताते हैं कि शहर के चुनिंदा इलाकों में बेहद महंगे घरों का कारोबार जारी है. खास तौर पर वर्ली जैसे प्रीमियम इलाके अल्ट्रा-लग्जरी प्रॉपर्टी के लिए खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं.

Advertisement
X
₹456 करोड़ में बिके 3 घर! (Photo- Pixabay)_
₹456 करोड़ में बिके 3 घर! (Photo- Pixabay)_

मुंबई के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार में महंगे घरों की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया है. यहां एक ऐसे रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट में एक घर की औसत कीमत 152 करोड़ रुपये दर्ज की गई है. यह प्रोजेक्ट मुंबई के वर्ली इलाके में स्थित नमन ज़ाना (Naman Xana) है. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच यहां तीन घर बिके, जिनकी कुल कीमत 456 करोड़ रुपये रही. इस तरह यह मुंबई के टॉप 10 लग्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स में प्रति घर औसत कीमत के मामले में पहले स्थान पर रहा.

लाइटहाउस लग्जरी (Lighthouse Luxury) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह विश्लेषण प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़े आंकड़ों के आधार पर तैयार किया गया है. इसमें महाराष्ट्र के महानिरीक्षक पंजीकरण (IGR) के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है. रिपोर्ट से पता चलता है कि मुंबई के प्रीमियम इलाकों में आलीशान घरों की मांग बनी हुई है और कुछ चुनिंदा प्रोजेक्ट्स में घरों की कीमतें बेहद ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं.

एक घर की औसत कीमत के मामले में नमन ज़ाना भले ही पहले स्थान पर रहा, लेकिन कुल बिक्री मूल्य के मामले में गोदरेज ट्रिलॉजी सीफ्रंट (Godrej Trilogy Seafront) ने बाजी मारी. वर्ली स्थित इस प्रोजेक्ट में अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान 54 घरों की बिक्री हुई. इन सौदों की कुल कीमत 1,199 करोड़ रुपये रही. इस तरह यहां एक घर की औसत कीमत करीब 22.2 करोड़ रुपये दर्ज की गई.

Advertisement

यह भी पढ़ें: सलमान से शाहरुख तक, सेलिब्रिटी के नाम पर बिक रहे हैं करोड़ों के लग्जरी घर

इस सूची में ओबेरॉय एलिसियन (Oberoi Elysian) दूसरे स्थान पर रहा. यहां छह महीने के दौरान 67 घरों की रजिस्ट्री हुई, जिनकी कुल कीमत 899 करोड़ रुपये रही, वहीं, रुस्तमजी क्राउन (Rustomjee Crown) में 51 घरों की बिक्री दर्ज की गई. इनकी कुल कीमत 622 करोड़ रुपये रही.

Prestige Nautilus में एक घर की औसत कीमत 31.7 करोड़ रुपये

मुंबई के लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में प्रेस्टीज नॉटिलस (Prestige Nautilus) भी शामिल रहा. यहां अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच 18 घरों की बिक्री हुई, जिनकी कुल कीमत 571 करोड़ रुपये रही. इस हिसाब से एक घर की औसत कीमत करीब 31.7 करोड़ रुपये रही, औसत कीमत के मामले में यह रिपोर्ट में शामिल प्रोजेक्ट्स में दूसरे स्थान पर रहा.

वहीं, लोढ़ा द पार्क (Lodha The Park) में सबसे ज्यादा 76 घरों की बिक्री दर्ज की गई. इनकी कुल कीमत 563 करोड़ रुपये रही और एक घर की औसत कीमत करीब 7.4 करोड़ रुपये रही. रनवाल राया (Runwal Raaya) में इस दौरान 36 घर बिके, जिनकी कुल कीमत 550 करोड़ रुपये रही.

छह महीने में 10 प्रोजेक्ट्स में 6,116 करोड़ रुपये के घर बिके

Advertisement

रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के टॉप 10 लग्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स में अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच कुल 496 घरों की बिक्री हुई. इन सौदों का कुल मूल्य 6,116 करोड़ रुपये रहा. प्रोजेक्ट्स की रैंकिंग घरों की संख्या के बजाय रजिस्टर्ड प्रॉपर्टी सौदों की कुल कीमत के आधार पर की गई है.

आंकड़ों से साफ है कि मुंबई के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार में अलग-अलग प्रोजेक्ट्स की कीमतों में बड़ा अंतर है. जहां नमन ज़ाना में एक घर की औसत कीमत 152 करोड़ रुपये रही, वहीं गोदरेज रिजर्व (Godrej Reserve) में यह आंकड़ा करीब 5.7 करोड़ रुपये था.

यह भी पढ़ें: मुंबई में 6 महीने में ₹32 हजार करोड़ की प्रॉपर्टी बिकी, 50 करोड़ के घरों की बढ़ी मांग

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement