छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से रेत उत्खनन को लेकर बड़ा हिंसक मामला सामने आया है. नौगई गांव में बीती रात रेत विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें दो गुट आपस में भिड़ गए. इस दौरान एक फॉर्च्यूनर वाहन में आग लगा दी गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस को मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव को छावनी में तब्दील कर दिया और स्थिति को नियंत्रण में लिया.
सूचना के अनुसार रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से दो गुटों के बीच विवाद चल रहा था. बीती रात यह विवाद अचानक हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ. जानकारी के अनुसार इस घटना में भाजपा नेता लल्लन सिंह को जिंदा जलाने की बात भी सामने आई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. अब तक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सरकार के संरक्षण में रेत माफिया सक्रिय हो गए हैं और पूरे रेत उत्खनन पर राजनीतिक संरक्षण में काम हो रहा है.
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि कोरिया की घटना में एक परिवार के लोगों को गाड़ी में बंद करके जलाया गया, जिसमें दो लोगों की मौत हुई और दो लोग घायल हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जिस व्यक्ति को जलाया गया और जिनके खिलाफ आरोप लगे हैं, दोनों ही भाजपा से जुड़े लोग बताए जा रहे हैं.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.