छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो प्रदेश में चल रहे कंस्ट्रक्शन क्वालिटी पर बड़े सवाल खड़ा करती है. जिले के मैनपाट ब्लॉक के कुनिया, मूसाखोल, मडवासरई होते हुए सेदम को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में ग्रामीण बड़े आराम से सड़क की काली परत को हाथ से उखाड़ते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क की क्वालिटी इतनी घटिया है कि उसे उखाड़ने के लिए किसी बुलडोजर या औजार की जरूरत नहीं पड़ रही.
ग्रामीण अपने हाथों से सड़क की लंबी-लंबी परतें ऐसे निकाल रहे हैं जैसे वह कोई पुट्टी या कागज की चादर हो. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में शुरू से ही मानकों की अनदेखी की गई है और डामर की मोटाई व बेस मटीरियल में भारी हेराफेरी की गई है.
सिस्टम को ग्रामीणों ने दिखाया आईना
मैनपाट के दुर्गम इलाकों को जोड़ने के लिए इस सड़क का निर्माण किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों और पर्यटकों को सुविधा हो सके.लेकिन ठेकेदार और संबंधित विभाग की मिलीभगत ने सुविधा को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया.
वीडियो बनाने वाले ग्रामीणों का कहना है कि अगर अभी यह हाल है, तो पहली बारिश में यह सड़क पूरी तरह बह जाएगी. देखें VIDEO:-
यह भी पढ़ें: ₹2 करोड़ की लागत से एक हफ्ते पहले ही बनी थी नई सड़क, हाथ से उखड़ने लगी...
वीडियो वायरल होने के बाद अब प्रशासन में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस सड़क के निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच की जाए और संबंधित ठेकेदार और दोषी इंजीनियरों पर सख्त कार्रवाई कर उनका लाइसेंस ब्लैकलिस्ट किया जाए.