scorecardresearch
 

बिना दवाओं के कम हो गया पेशेंट का बढ़ा हुआ बैड कोलेस्ट्रॉल, डॉक्टर ने बताया क्या खाना शुरू करें और क्या छोड़ें

बढ़ा हुआ बैड कोलेस्ट्रॉल दिल की सेहत के लिए खतरनाक होता है. ऐसे में इसको कंट्रोल करना जरूरी है. डॉक्टर ने कुछ ऐसे तरीके बताए हैं जिससे बिना दवाओं के भी आप कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में ला सकते हैं.

Advertisement
X
Cholesterol control tips
Cholesterol control tips

दिल्ली में रहने वाले विकास त्यागी को कुछ महीने पहले थकान और सांस फूलने की समस्या हो रही थी. अपनी इस स्थिति को देखकर वह डॉक्टर के पास गए. डॉक्टर ने उनको लिपिड प्रोफाइल टेस्ट कराने की सलाह दी. इस टेस्ट की रिपोर्ट जब आई तो उसमें टोटल कोलेस्ट्रॉल 220 mg/dL था. वहीं, एलडीएल (बैड कोलेस्ट्रॉल) 105 mg/dL था. रिपोर्ट को देखकर डॉक्टर ने विकास को कहा कि उनका कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है, जिसको कम करना जरूरी है. लेकिन फिलहाल तुरंत दवाएं शुरू नहीं कर रहे हैं. डॉक्टर ने उनको लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करने की सलाह दी. विकास ने इस सलाह को सही तरीके से फॉलो किया. जब 2 महीने के बाद फिर से लिपिड प्रोफाइल टेस्ट कराया गया तो कोलेस्ट्रॉल के लेवल कंट्रोल में आ गए थे.

विकास अपने इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में कार्डियोलॉजी विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. तरुण कुमार के पास आए थे. डॉ तरुण ने आजतक.इन से बातचीत में उस लाइफस्टाइल का जिक्र किया है जो बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को बिना दवाओं के कंट्रोल कर सकता है. 

कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए यह डाइट फायदेमंद 

डॉ. तरुण बताते हैं कि कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए आपको अपनी डाइट में  घुलनशील फाइबर शामिल करना चाहिए. इसके लिए ओट्स, जौ, बीन्स, दाल, छोले खाएं. फलों में सेब, संतरे  और नाशपाती फायदेमंद है. यह भी जरूरी है कि आप हेल्दी फैट खाएं. जैतून, सरसों या मूंगफली के तेल का सीमित मात्रा में इस्तेमाल करें. ड्राई फ्रूट भी खाएं. इसके लिए बादाम और अखरोट खाना शुरू करें, ये हार्ट की हेल्थ के लिए अच्छे होते हैं. अगर नॉन वेज खाते हैं तो हफ्ते में 2 से 3 बार सैल्मन, सार्डिन और मैकेरल जैसी मछलियों को भी खाएं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: क्या मक्खन खाने से बढ़ता है बैड कोलेस्ट्रॉल? जानें कब बन सकता है दिल का दुश्मन, हार्ट के डॉक्टरों की सलाह

सैचुरेटेड और ट्रांस फैट कम करें

PUBmed में छपी रिसर्च भी बताती है कि तेल-मक्खन, घी, क्रीम, प्रोसेस्ड मीट, बेकरी प्रोडक्ट्स और तले हुए फास्ट फूड का सेवन कम करें. इनकी जगह हेल्दी अनसैचुरेटेड फैट लें. एवोकैडो और जैतून इसके अच्छे सोर्स हैं.

एक्सरसाइज करें और वजन कम करें

इसके अलावा रोज एक्सरसाइज जरूर करें. इसके लिए आप पैदल चलने से लेकर स्वीमिंग भी कर सकते हैं. शरीर का वजन कम करें. वजन 5-10% भी कम करने से कोलेस्ट्रॉल के स्तर में काफी सुधार हो सकता है. धूम्रपान छोड़ दें और शराब का सेवन कम करें. अगर इन सब चीजों को फॉलो करते हैं तो कोलेस्ट्रॉल को आसानी से कम किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: High Cholesterol: बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए रोजाना पिएं ये 5 हेल्दी ड्रिंक्स, दिल की सेहत रहेगी बेहतर

डॉक्टर से सलाह जरूर लें 

डॉ तरुण कहते हैं कि इस डाइट और लाइफस्टाइल से बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को काबू में किया जा सकता है, हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि अगर डॉक्टर ने आपको दवाएं खाने की सलाह दी है तो आप उनको खाएं और साथ में इस लाइफस्टाइल को फॉलो करें. इस बात का ध्यान रखें कि डॉक्टर क्या सलाह दे रहे हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि अगर कोलेस्ट्रॉल बहुत ही बढ़ा हुआ है तो फिर पहले दवाओं का सहारा लिया जाता है और इसके साथ- साथ लाइफस्टाइल का ध्यान रखना होता है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement