मानव शरीर में किडनी एक नेचुरल फिल्टर की तरह काम करती है जिसका काम खून को साफ करना और शरीर से जहरीले टॉक्सिन्स को बाहर निकालना है. यह न केवल इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखती है बल्कि ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने और लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाती है.
लेकिन हमारी आज की बदलती जीवनशैली और गलत खानपान की आदतें इस महत्वपूर्ण अंग पर बुरा असर डाल रही हैं. कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे हैं जो स्वाद में तो अच्छे लग सकते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि वो हमारी किडनी के लिए किसी धीमे जहर से कम नहीं हैं. लंबे समय तक इनका सेवन किडनी फेलियर जैसी गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है.
इन 5 फूड्स से तुरंत बनाएं दूरी
प्रोसेस्ड मीट: बेकन, सॉसेज और हॉट डॉग जैसे मीट में सोडियम और नाइट्रेट्स की मात्रा बहुत अधिक होती है. ज्यादा नमक किडनी पर दबाव डालता है और प्रोटीन का अत्यधिक भार किडनी की कार्यक्षमता को कम कर देता है. इसलिए इसका कम से कम सेवन करना चाहिए.
सोडा और कोला: इन ड्रिंक्स में बहुत ज्यादा चीनी होती है. साथ ही इसमें फास्फोरस जैसे कई केमिकल्स का इस्तेमाल भी किया जाता है जो शरीर में आसानी से अवशोषित हो जाता है. फास्फोरस का बढ़ा हुआ स्तर किडनी की पथरी और हड्डियों की कमजोरी का कारण बनता है.
डिब्बाबंद खाद्य पदार्थ: डिब्बाबंद सूप, सब्जियां और सॉस में लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए भारी मात्रा में सोडियम (नमक) मिलाया जाता है. यह ब्लड प्रेशर बढ़ाकर किडनी की नसों को नुकसान पहुंचाता है.
अत्यधिक मीठी चीजें और आर्टिफिशियल स्वीटनर: ज्यादा चीनी से मोटापे और डायबिटीज का खतरा बढ़ता है, जो किडनी खराब होने के दो सबसे बड़े कारण हैं. वहीं, डाइट सोडा में इस्तेमाल होने वाले आर्टिफिशियल स्वीटनर भी लंबे समय में किडनी को नुकसान पहुंचाते हैं.
मैदा और रिफाइंड कार्ब्स: सफेद ब्रेड, पास्ता और पिज्जा जैसी चीजों में फाइबर कम और ग्लाइसेमिक इंडेक्स ज्यादा होता है. ये शरीर में सूजन बढ़ाते हैं और किडनी के फिल्टरेशन प्रोसेस को बाधित करते हैं.