टी-सीरीज जैसी जानी-मानी कंपनी अगर किसी को म्यूजिक वीडियो में फीचर होने का मौका दे, तो भला कौन इसे गंवाना चाहेगा. लेकिन लोगों की इसी चाहत का फायदा उठाकर, कास्टिंग के नाम पर धोखाधड़ी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसकी शिकार कई इंफ्लुएंसर भी हो गयी हैं.
इस धोखाधड़ी का भंडा तब फूटा जब मोहम्मद नूफ नाम की इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर ने 16 अप्रैल को एक वीडियो पोस्ट करके बताया कि कैसे उन्हें कास्टिंग स्कैम के जाल में फंसाने की कोशिश की गई. नूफ को “tseriescastingteam@gmail.com” की तरफ से एक ईमेल आया. मेल में कहा गया, “हमने इंस्टाग्राम के जरिए पंद्रह ऐसे मॉडल्स को चुना है जो बिल्कुल नए चेहरे हैं. इनमें से हमने आपको पहले नंबर पर रखा है.”
मेल में जीमेल आईडी देखकर नूफ को कुछ शक तो हुआ. लेकिन ईमेल में एक “कास्टिंग प्रोड्यूसर” का फोन नंबर भी था. उन्होंने और जानकारी के लिए इस नंबर पर फोन किया. इस पर बात करने के बाद उन्हें एक अग्रीमेंट लेटर भेजा गया, जिस पर बाकायदा भूषण कुमार के साइन भी थे.
नूफ को हिंदी और पंजाबी में 7 गाने रिकॉर्ड करने के लिए 50 हजार रुपये ऑफर किए गए. कहा गया कि आधे पैसे शूट से पहले दिए जाएंगे और आधे शूट के बाद.
फिर शुरू हुआ फर्जी ऑडिशन का खेल!
इंफ्लुएंसर से उसकी डिटेल्स मांगी गईं और रात 9:30 बजे एक ऑडिशन फिक्स किया गया. ये ऑडिशन WhatsApp वीडियो कॉल के जरिए लिया गया.
ऑडिशन की शुरुआत तो नॉर्मल थी, जैसे अलग-अलग टोन और एक्सप्रेशंस के साथ डायलॉग बुलवाना. लेकिन इसके बाद इस “कास्टिंग प्रोड्यूसर” के निर्देश धीरे-धीरे आपत्तिजनक और असहज करने वाले हो गए. नूफ को जब लगा कि बात हद से बाहर जा रही है तो उन्होंने परेशान होकर फोन काट दिया.
कई और इंफ्लुएंसर्स को इसी तरह किया गया संपर्क
नूफ अकेली नहीं थीं. जब उन्होंने ये वीडियो पोस्ट किया तब कई फीमेल इंफ्लुएंसर ने कमेंट करके बताया कि उन्हें भी यही ईमेल मिला था.
ऐसी ही एक इंफ्लुएंसर शैलजा शर्मा ने हमें बताया कि उनको भी ऐसे ही ठगने की कोशिश की गयी. उन्होंने हमें ईमेल से आए मैसेज के कई स्क्रीनशॉट्स भी भेजे. उन्हें भी “tseriescastingteam@gmail.com” की आईडी से हूबहू वही मेल आया था. हालांकि फोन नंबर अलग था. कुछ और इंफ्लुएंसर ने भी बताया कि उन्हें भी इसी आईडी से संपर्क किया गया, बस फोन नंबर अलग थे. सिर्फ हाल-फिलहाल ही नहीं, बल्कि फरवरी में चाहत गुप्ता नाम की एक एक्स यूजर को भी ऐसा ईमेल आया था.
नूफ ने 18 अप्रैल को एक और वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने इस “प्रोड्यूसर” का नाम, फोटो और बाकी जानकारियां शेयर कीं. उन्होंने बताया कि उनकी बात यश कुमार नाम के एक शख्स से हो रही थी. नूफ ने इस व्यक्ति का इंस्टाग्राम हैंडल - “@yash_confused” - भी सार्वजनिक किया.
टी-सीरीज की नहीं ऐसी कोई आईडी
हमें टी-सीरीज के किसी भी प्लेटफॉर्म पर ये आईडी नहीं मिली. जाहिर है ये एक फर्जी जीमेल आईडी है. टी-सीरीज से जुड़ी आईडी के आखिर में @tseries.net का इस्तेमाल होता है. कंपनी ने भी 18 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर एक स्पष्टीकरण दिया. इसमें उन्होंने लिखा कि कंपनी के नाम पर फर्जी ईमेल अकाउंट के जरिए लोगों को काम ऑफर किया जा रहा है.
टी-सीरीज ने कहा कि वो किसी भी जीमेल आईडी या अन-ऑफिशियल आईडी से लोगों से संपर्क नहीं करते हैं.
यश पहले भी कर चुका है ऐसी चालाकी!
हमने “Yash_confused” नाम के उस इंस्टाग्राम अकाउंट की पड़ताल की जिसके बारे में नूफ ने बताया था. हमने देखा कि इस अकाउंट की पिछली कुछ पोस्ट्स पर कमेंट करते हुए कुछ लोग अपने पैसे वापस मांग रहे थे. कुछ ने लिखा कि ये चोर और फ्रॉड है और कोई भी इसे पैसे ट्रांसफर न करे. वहीं एक ने लिखा कि सबसे पैसे लेकर ये मैसेज भी नहीं देखता है. इन सब कमेंट्स से ऐसा लगता है जैसे इनके साथ पैसे से जुड़ी कुछ हेराफेरी हुई है. हमने इनमें से कुछ लोगों से संपर्क करने की कोशिश की.
फॉलोवर्स बढ़ाने के नाम पर भी की है ठगी
यश की पोस्ट पर कमेंट करके अपने पैसे वापस मांगने वाले शांतुनु पंवार से हमारी बात हुई. उन्होंने बताया कि इस शख्स ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर फॉलोवर्स बढ़वाने और अकाउंट पर ब्लू टिक दिलवाने का दावा किया और बदले में पैसे भी मांगे. शांतुनु ने उसे पैसे भी ट्रांसफर किए. उन्होंने इस पूरी बातचीत के स्क्रीनशॉट्स हमसे शेयर किए हैं.
शांतुनु ने जिस यूपीआई नंबर पर पैसे ट्रांसफर किए हैं, वो बिल्कुल वही नंबर है जिससे शैलजा शर्मा को संपर्क किया गया था और कास्टिंग ऑफर किया गया था. यूपीआई नंबर पर नाम आता है - यश कुमार. यानि साफ है कि कास्टिंग के नाम पर और फॉलोवर्स बढ़वाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला ये एक ही शख्स है जिसका नाम यश कुमार है.
शांतुनु ने बताया जैसे ही उन्होंने पैसे ट्रांसफर कर दिए, इसके बाद से यश ने उनके मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया.
नूफ ने साफ तौर पर पर कहा है कि उन्हें फर्जी मेल भेजकर आपत्तिजनक तरीके से कास्टिंग करने को कहने वाला यही शख्स - यश कुमार है. यश ने एक वीडियो में बताया है कि वो मुंबई के मलाड में रहता है. उसकी तमाम वीडियो देखकर ये भी पता चलता है कि उसकी कई दूसरे इंफ्लुएंसर से सोशल मीडिया पर प्रभाव को लेकर जबरदस्त गाली-गलौज चलती रहती है.
(रिपोर्ट: रश्मि गुप्ता और अभिषेक पाठक )