
जाने-माने अभिनेता नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में 8 अक्टूबर को निधन हो गया. उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ था, जिसके बाद मेडिकल टीम उनके फ्लैट पहुंची. उन्हें तुरंत सीपीआर दिया गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिश नाकाम साबित हुईं.
घरवालों ने तय किया कि उनका अंतिम संस्कार पुणे स्थित उनके फार्महाउस पर ही होगा. अब सोशल मीडिया पर उनकी अंतिम यात्रा का बताकर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है. इसमें कुछ लोग एक अर्थी को कंधा देते हुए नजर आ रहे हैं. साथ ही आसपास कई लोग दिखाई दे रहे हैं. इंस्टाग्राम पर इसे शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, “नाना पाटेकर को अंतिम विदाई… 75 की उम्र में दिग्गज अभिनेता का निधन”.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो अभिनेता मुश्ताक खान के जनाजे का है.
कैसे पता लगाई सच्चाई?
वीडियो के कीफ्रेम्स रिवर्स सर्च करने पर हमें ये न्यूज एजेंसी पीटीआई के एक्स पोस्ट में मिला. इसमें वहीं लोग नजर आ रहे हैं जो वायरल वीडियो में भी देखे जा सकते हैं. यहां दी गई जानकारी के मुताबिक, ये एक्टर मुश्ताक खान के जनाजे के वक्त का वीडियो है.
दैनिक भास्कर की 25 सितंबर की रिपोर्ट में भी इसे देखा जा सकता है. मुश्ताक खान लंबे वक्त से फेफड़े के कैंसर से जूझ रहे थे. 24 सितंबर को उनका निधन हो गया. उन्हें मुंबई के यारी रोड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया था.
नाना पाटेकर और मुश्ताक खान दोनों 2007 में आई फिल्म 'वेलकम' में एक साथ नजर आए थे.
नाना के अंतिम संस्कार में फिल्मी दुनिया की तमात बड़ी हस्तियां शामिल हुईं और उन्हें राजकीय सम्मान के साथ विदा किया गया. साफ है कि मुश्ताक खान के जनाजे के वीडियो को नाना पाटेकर के अंतिम संस्कार का वीडियो बताकर शेयर किया जा रहा है.