
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें भगवंत मान जैसा दिखने वाला एक शख्स नशे की हालत में कुर्सी पर बैठकर अजीबोगरीब बातें करता हुआ नजर आ रहा है.
कई सोशल मीडिया यूजर इसे पंजाब सीएम का वीडियो बताकर उनकी खूब आलोचना कर रहे हैं. एक्स पर एक व्यक्ति ने लिखा, “उड़ते पंजाब का उड़ता सीएम.” वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने तंज कसते हुए लिखा, “खुशनसीब है उस राज्य की प्रजा, जिसको ऐसा सीएम मिला हो.”

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये 2017 का एक वीडियो है, जिसमें असल में जस्सी देओल नाम के व्यक्ति थे. वायरल वीडियो में जस्सी की जगह भगवंत मान का चेहरा लगा दिया गया है.
कैसे पता की सच्चाई?
वायरल वीडियो में भगवंत मान जैसा दिखने वाला व्यक्ति “अपने मुंडे दा व्याह” बोलता है, और इसके बाद चिल्लाता है. “मुंडे दा व्याह”. कीवर्ड सर्च करने पर हमें “वायरल विडियोज एंटरटेनमेंट” नाम के एक यूट्यूब चैनल पर सितंबर 2017 का एक वीडियो मिला.
इस वीडियो में भगवंत मान की जगह कोई दूसरा व्यक्ति नजर आता है. ये व्यक्ति हूबहू उसी स्थिति में कुर्सी पर बैठकर वही सब बातें करता हुआ दिखाई दे रहा जैसा वायरल वीडियो में देखा जा सकता है. साफ पता चल रहा है कि इस असली वीडियो में छेड़छाड़ करके इसमें भगवंत मान को दिखा दिया गया, जबकि असल में कोई और व्यक्ति था.
क्या है इस वीडियो की कहानी?
इस वीडियो में नजर आ रहे शख्स का नाम जस्सी देओल है. ये वीडियो 2017 में काफी वायरल हुआ था. एक इंटरव्यू में जस्सी ने बताया था कि वो एक शादी में गए थे, जहां उन्होंने शराब पी ली थी. उस दौरान किसी ने उनका ये वीडियो रिकार्ड कर लिया था और बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था.
लोगों ने उनका ये वीडियो इतना ज्यादा पसंद किया था कि एक्टर और सिंगर दिलप्रीत ढिल्लों ने 2017 में ‘Sade Munde Da Viah’ नाम का एक गाना बनाया था और इसके म्यूजिक वीडियो में जस्सी देओल को भी शामिल किया था. मार्च 2018 में हार्ट अटैक के चलते जस्सी देओल की मौत हो गई थी.
साफ है कि वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति भगवंत मान नहीं हैं.