रमजान का पवित्र महीना शुरू हो गया है. नेता, अभिनेता और आम इंसान हर कोई पवित्र महीने में खुदा की इबादत में मशग़ूल है. इफ्तार के समय सभी परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर इफ्तारी करते हैं और रोजा खोलते हैं. सना खान और उनके हसबैंड मुफ्ती अनस सैयद ने पहली रमजान की पहली इफ्तारी केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के साथ की.
खास रही सना खान की पहली इफ्तारी
रमजान के पहले दिन किरेन रिजिजू ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं. इन तस्वीरों में वो पूर्व एक्ट्रेस सना खान और उनके हसबैंड मौलाना अनस सैयद संग दिख रहे हैं. सना खान इफ्तारी के लिए खाना बना रही हैं. फोटोज देखकर फैन्स सोच में पड़ गए हैं कि आखिर केंद्रीय मंत्री, सना और उनके हसबैंड के साथ क्या कर रहे हैं.
बात ऐसी है कि कपल ने किरेन रिजिजू को अपने रौनक-ए-रमजान सीजन (2) के लिए न्योता दिया था. किरेन रिजिजू ने फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कि फ्यूचर स्टूडियो, गोरेगांव, मुंबई में रौनक-ए-रमजान सीजन (2) के शूट पर सम्मानित मेहमान के रूप में आमंत्रित होने पर खुशी हुई. सना खान और अनस सैयद के साथ अच्छी बातचीत हुई और गहराई के साथ विचार-विमर्श किया. पूरी टीम को शुभकामनाएं.
सना खान ने उनकी पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए लिखा कि हम भाग्यशाली हैं, जो आप हमारे शो पर आएं. आपसे मिलकर बहुत खुशी हुई. अल्लाह आपको हमेशा सुरक्षित रखे.
फैन्स हुए खुश
भारत के संसदीय कार्य मंत्री एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री, अरुणाचल प्रदेश के सांसद किरेन रिजिजू को सना खान के शो पर देखकर फैन्स खुश हैं. तस्वीर पर कमेंट करते हुए एक फैन ने लिखा कि खूबसूरत. कई लोग रमजान की मुबारकबाद दे रहे हैं. कुछ लोगों ने कहा कि बेस्ट शो.
ग्लैमर वर्ल्ड से तौबा कर चुकीं सना खान पूरी तरह से इस्लाम धर्म अपना चुकी हैं. उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल भी शुरू किया है. जिसमें वो धर्म से जुड़ी चीजें शेयर करती हैं. रमजान के महीने में रौनक-ए-रमजान सीजन (2) शुरू किया है, जिसमें वो सेलेब्स के साथ रमजान को लेकर बात करती हैं.