टीवी इंडस्ट्री में अपनी कॉमेडी के लिए मशहूर एक्टर देवेन भोजानी को कई तरह के किरदार निभाने का मौका मिला हैं. देवेन लगभग चार दशक से टीवी इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और उन्होंने 'साराभाई वर्सेज साराभाई', 'बा बहू और बेबी' और 'ऑफिस ऑफिस' जैसे कई लोकप्रिय शो में काम किया है. इन सीरियल्स में उनके किरदारों को खूब पसंद किया गया. कॉमेडी एक्टर के रूप में पहचान बनाने के साथ उन्हें कुछ ऐसी बातें भी सुननी पड़ीं, जिनसे उन्हें काफी निराशा हुई.
देवेन ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि लोग उनके वजन को उनके काम से जोड़कर देखते थे और उन्हें लगता था कि देवेन को उनके वजन की वजह से ही काम मिलता है. उन्होंने अपने अनुभव शेयर करते हुए बताया कि उन्हें वजन घटाने को लेकर अजीब सलाह दी जाती थी.
उन्होंने कहा, 'लोग मुझसे कहते थे कि आप वजन कम मत करना, वरना रोल मिलना कम हो जाएगा. मैंने उनसे कहा, भाई, लोग इसलिए मुझे कास्ट नहीं करते हैं क्योंकि मैं मोटा हूं, बल्कि इसलिए किया जाता है क्योंकि मैं अच्छा एक्टर हूं.'
वजन कम करना जाहते थे...
देवेन को इस बात का बहुत बुरा लगता था कि लोग उनको सिर्फ कॉमेडी के किरदार में ही देखते हैं. उनके दूसरे किरदारों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया जाता है. देवेन ने कहा, 'मुझे सच में बहुत बुरा लगा, मैं जानबूझकर तरह- तरह के रोल करने की कोशिश करता हूं, लेकिन लोग बस यही समझते थे कि मुझे ये किरदार सिर्फ इसलिए मिल रहे हैं, क्योंकि मैं मोटा हूं. सोचिए, एक एक्टर को कैसी-कैसी बातें सुननी पड़ती हैं. आखिर में मैंने उनकी बात मान ली, ताकि वे चुप हो जाएं.'
हालांकि, देवेन अपना वजन कुछ कम करना चाहते हैं लेकिन वह नहीं चाहते की उनके लुक को उनके काम से जोड़ा जाए. उन्होंने कहा, 'सच तो यह है कि मैं कई वजहों से वजन कम नहीं करना चाहता. मैं ऐसा करना तो चाहता हूं. लेकिन मैं इस तरह नहीं सोच सकता कि मेरे वजन के घटने या बढ़ने के आधार पर मुझे काम मिलेगा या नहीं.'
टीवी छोड़ने के पीछे थी अपनी इमेज बदलने की कोशिश
देवेन ने छह साल पहले टीवी शो करना छोड़ दिया था ताकि वह लोगों की सोच को बदल सकें. उन्होंने फोकस ओटीटी पर करने का सोचा जिससे लोग उनकी एक्टिंग के अलग-अलग रूप देख सकें. उन्होंने कहा कि मैंने टीवी पर कई तरह के कॉमेडी रोल किए लेकिन जब मैंने टीवी छोड़कर ओटीटी पर ध्यान देना शुरू किया, तब मैंने ये तय किया कि अब मैं कॉमेडी रोल नहीं करूंगा. फिर भी, कुछ साल पहले तक ओटीटी पर मुझे ज्यादातर कॉमेडी किरदार ही मिलते थे.
देवेन ने अपने फैसलों की वजह से कई अच्छे किरदारों के ऑफर भी ठुकरा दिए थे. वह चाहते थे कि वह मरने से पहले अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. हालांकि उन्हें अपने कॉमेडी रोल्स पर गर्व है, लेकिन वह इसके अलावा और भी कुछ करना चाहते थे. बाद में समय के साथ फिल्ममेकर्स और कास्टिंग डायरेक्टर्स ने उन्हें अलग नजरिए से देखना शुरू किया. उन्हें एहसास हुआ कि देवेन कॉमेडी के अलावा भी दूसरे किरदार को अच्छे से निभा सकते हैं और फिर पांच साल तक कॉमेडी से दूर रहने के बाद देवेन को 'चुबंक' सीरीज मिली, जिसके लिए उन्होंने हामी भरी.