अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के नाम पर हुई धांधली का जबसे खुलासा हुआ है, हर कोई स्तब्ध है. एसआईटी की जांच में कई बड़े खुलासे हुए हैं. उत्तर प्रदेश सरकार और पीएमओ एक्शन में आ गई है. इस पूरे विवाद पर शक्तिमान फेम एक्टर मुकेश खन्ना का रिएक्शन आया है. उन्होंने लोगों से बड़ी अपील की है.
मुकेश खन्ना की सलाह
मुकेश खन्ना ने कैप्शन में लिखा- क्या आप जानते हैं मंदिरों में आपका नकदी चढ़ावा, भगवान तक नहीं पहुंचता. बीच में कहीं खो जाता है. लूट मची पड़ी है. कहावत है ना, लूट सके तो लूट. और लूटने वाले यहां भरे पड़े हैं. मैंने एक बार कहा था - भरे पड़े हैं चोर, डाकू और बेईमान, फिर भी मेरा देश है महान. लेकिन इन चढ़ावा लूटने वालों को मैं क्या नाम दूं? चोर, डाकू या बेईमान ? इनमें से कोई नहीं. क्योंकि ये इन सबसे ऊपर हैं. ये भक्तों को ही नहीं, भगवान को भी लूट रहे हैं. मैं सिर्फ भक्तों को सलाह दूंगा कि- ना रहेगा बांस, ना बजेगी बांसुरी. वैसे ही - ना चढ़ेगा चढ़ावा, ना होगा घोटाला. सो चढ़ावा, चढ़ाना बंद कीजिए. खास तौर पर पैसों और गहनों का. भगवान खुश होंगे.
मुकेश खन्ना की इस पहल को लोगों ने सपोर्ट किया है. यूजर ने कहा- भगवान कभी पैसा, धन नहीं मानते. ये पैसा लूट के लिए दूसरे लोग यूज करते हैं. दूसरे शख्स ने लिखा- मुझे आपसे हमेशा अच्छी सीख मिलती है शक्तिमान सर. किसी ने कहा- अगर दान ही करना हे तो पक्षियों और जानवरों के प्रति करो. लोगों का कहना है ये सिर्फ राम मंदिर का हाल नहीं हैं. देशभर के मंदिरों में लाखों, करोड़ों का चढ़ावा चढ़ता है. अभी तो बस राम मंदिर के पैसों को लेकर हेरफेर की बात सामने आई है. मगर जांच करने पर देश के दूसरे मंदिरों का चढ़ावा भी निशाने पर आ जाएगा.
मुकेश खन्ना के काम की बात करें तो, वो एक्टिंग से लंबे वक्त से दूरी बनाए हुए हैं. मुकेश यूट्यूब चैनल चलाते हैं. सेलेब्रिटी गेस्ट्स से बात करते हैं. व्लॉग बनाते हैं. महाभारत और शक्तिमान जैसे शोज से उन्हें पहचान मिली.