टीवी के मशहूर एक्टर गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला के बीच तलाक की खबर ने न सिर्फ सोशल मीडिया पर फैंस को हिलाकर रख दिया है, बल्कि उनके करीबी दोस्तों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है. इस चौंकाने वाले खुलासे पर अब 'बिग बॉस 19' में गौरव खन्ना के साथ नजर आ चुके मशहूर कोरियोग्राफर और कंटेंट क्रिएटर अवेज दरबार ने अपनी चुप्पी तोड़ी है.
दरअसल मुंबई में पैपराजी से बातचीत के दौरान अवेज ने इस खबर पर गहरी हैरानी जताई और कहा कि वे खुद इस बात से पूरी तरह हैरान हैं.
आवेज दरबार ने क्या कहा?
गौरव-आकांक्षा के इस टूटते रिश्ते पर आवेज दरबार का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में जब पैपराजी ने आवेज से गौरव और आकांक्षा के अलग होने को लेकर सवाल किया, तो उनके चेहरे पर हैरानी साफ देखी जा सकती थी. आवेज ने खुलकर इस बात को स्वीकार किया कि जब उन्हें इस तलाक के बारे में पता चला, तो उन्हें बहुत बड़ा झटका लगा, क्योंकि उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था.
एक तरफ जहां दोस्त इस खबर से परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर लोग इस कपल को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं. आकांक्षा के इस खुलासे के बाद कई यूजर्स ने कपल को ट्रोल करना शुरू कर दिया है. लोगों का कहना है कि जब दोनों एक साल से अलग रह रहे थे, तो उन्होंने 'बिग बॉस 19' के घर में अपने रोमांस का नाटक क्यों किया? वहीं इंटरनेट पर कुछ लोगों को तो अब भी यह शक है कि आकांक्षा का यह दावा सच है या फिर यह महज 'लॉक अप 2' में फुटेज पाने का कोई पब्लिसिटी स्टंट है.
गौरव से बात करेंगे आवेज
आवेज दरबार ने सबसे पहले आकांक्षा के 'लॉक अप 2' में जाने को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा, 'काश उन्होंने शो में जाने से पहले मुझसे मुलाकात की होती, तो मैं उन्हें वहां टिकने की कुछ खास स्ट्रेटेजीज बता देता. खैर, मजाक से हटकर कहूं तो वो शो में बहुत बढ़िया करेंगी. वह हमेशा से एक हंसमुख और एंटरटेनिंग इंसान रही हैं, इसलिए मुझे पूरा भरोसा है कि वह दर्शकों का खूब मनोरंजन करेंगी.'
लेकिन जब बात तलाक के खुलासे पर आई, तो आवेज गंभीर हो गए. उन्होंने कहा, 'यह सचमुच बहुत बड़ा शॉकर है. अब गौरव भाई से मैं खुद उनसे इस बारे में पूछूंगा. सच कहूं तो मेरा मन हुआ कि गौरव भाई को मैसेज करके इस बारे में पूंछूं, लेकिन मुझे थोड़ी झिझक और शर्मिंदगी महसूस हो रही है कि ऐसे मामले पर क्या मैसेज करूं. इसलिए मैं उन्हें सीधा फोन करूंगा और उनसे इस बारे में बात करूंगा.'
क्या आवेज को पहले से थी इस अनबन की भनक?
जब पैपराजी ने आवेज से पूछा कि क्या उन्हें गौरव और आकांक्षा की शादीशुदा जिंदगी में चल रही इस खटपट या परेशानी के बारे में पहले से कोई जानकारी थी? इस पर आवेज ने साफ मना करते हुए कहा, 'नहीं भाई, मुझे बिल्कुल नहीं पता था. जब शो का यह एपिसोड लॉन्च हुआ और यह बात सामने आई, तो मैं भी बाकी सब की तरह एक झटके में शॉक रह गया.' इसके बाद उन्होंने जिंदगी के उतार-चढ़ाव पर बात करते हुए कहा, 'उतार-चढ़ाव तो सबकी लाइफ में होता है. मेरी लाइफ में भी ऐसा हुआ है और दुनिया में हर किसी की जिंदगी में कुछ न कुछ ऐसा चलता ही रहता है.'