अमेरिकी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' से प्रेरित अक्षय कुमार का शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' बीते काफी वक्त से टेलीविजन पर छाया हुआ है. जनवरी 2026 में अक्षय कुमार ने इस शो के साथ टेलीविजन पर वापसी की थी. 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया' का होस्ट बनकर उन्होंने छोटे पर्दे पर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. उन्होंने इस गेम शो को भारत में हाई-एनर्जी अवतार में पेश किया, जिसमें तेज सोच, मजेदार बैंटर, हाई स्टेक गेमप्ले और लगातार एंटरटेनमेंट शामिल था.
बंद हो रहा अक्षय का शो?
शुरुआत से ही यह शो दर्शकों के बीच मनोरंजक आकर्षण बना रहा. लेकिन अब खबरें आ रही हैं कि 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' जल्द ही ऑफ-एयर होने वाला है, जिससे सवाल उठ रहे हैं कि क्या कम TRP की वजह से ऐसा हो रहा है. टेली एक्सप्रेस के एक आर्टिकल में रिपोर्ट किया गया है कि अक्षय कुमार के इस शो को इस महीने के आखिर में ऑफ-एयर कर दिया जाएगा. वजह में बताया गया है कि यह उम्मीद के मुताबिक ट्रैक्शन नहीं जुटा पाया. कई सेलिब्रिटी गेस्ट्स के इसमें शामिल होने बावजूद शो को सिर्फ 0.5–0.7 टीआरपी ही मिल पाई.
हालांकि असली बात यह है कि शो का मौजूदा सीजन खत्म हो रहा है. सीजन फिनाले के बाद अक्षय कुमार का यह गेम शो हट जाएगा और उसकी जगह एक नया रियलिटी गेम शो 'तुम हो ना' आएगा, जिसके होस्ट एक्टर राजीव खंडेलवाल होंगे. कुछ वक्त पहले आई रिपोर्ट्स में कहा गया था कि राजीव खंडेलवाल 14 साल बाद टेलीविजन पर वापसी कर रहे हैं. 'सच का सामना' के बाद अब वो 'तुम हो ना' को होस्ट करेंगे.
14 साल बाद लौट रहे राजीव
ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'तुम हो ना', 28 अप्रैल को टेलीविजन पर प्रीमियर होगा. ये रोज रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित हुआ करेगा. ये शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' की जगह ले रहा है. 'तुम हो ना' को होस्ट करने के बारे में बात करते हुए राजीव खंडेलवाल ने कहा, 'इन सालों में मुझे कई तरह के रोल ऑफर किए गए, कुछ एक्सपेरिमेंटल थे, कुछ काफी अनकन्वेंशनल. लेकिन मैंने हमेशा अपने दिल की सुनकर फैसला लिया है और उसी शो का हिस्सा बना हूं जो मुझे सही मायने में मीनिंगफुल लगता है. तुम हो ना के साथ मैं सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव के साथ टेलीविजन पर खुशी से वापसी कर रहा हूं. एक बेहद खूबसूरत शो लेकर आ रहा हूं जो मेरे दिल के बहुत करीब है.'
अक्षय कुमार के प्रोजेक्ट्स की बात करें तो 17 अप्रैल को उनकी फिल्म 'भूत बंगला' रिलीज हो रही है. इस हॉरर कॉमेडी फिल्म का निर्देशन डायरेक्टर प्रियदर्शन ने किया है. पिक्चर में अक्षय के साथ तब्बू, वामिका गब्बी, राजपाल यादव और परेश रावल नजर आएंगे.