अभिनेता ऋषि कपूर अपनी बेबाकी की वजह से विवादों में घिरे रहते हैं. वो कभी भी अपने विचार व्यक्त करने से नहीं घबराते हैं. ऐसा ही एक हालिया इंटरव्यू में देखने को मिला जब उनसे पूछा गया कि संजू के मुकाबले रणबीर की कुछ पिछली फिल्में क्यों नहीं चलीं. इसमें ऋषि कपूर ने फिल्म जग्गा जासूस और बॉम्बे वेलवेट के निर्देशकों की आलोचना की है.
ऋषि ने एक इंटरव्यू में कहा कि 'मैं जग्गा जासूस और बॉम्बे वेलवेट की असफलता को पचा नहीं पाया हूं. यकीनन बॉम्बे वेलवेट एक खराब फिल्म थी. आप अनुराग कश्यप को पैसे दे दीजिए उन्हें पता भी नहीं चलता कि इसे कैसे खर्च करना है.'
इसके अलावा अनुराग बसु की फिल्म जग्गा जासूस की बुराई करते हुए उन्होंने कहा कि- 'ये एक बुरी फिल्म थी. एकदम बकवास फिल्म. मैंने रणबीर से जब इस बारे में पूछा तो उसने कहा कि पापा जिस शख्स के साथ मैने बर्फी जैसी फिल्म में काम किया है उसपर मैं शक नहीं कर सकता.'
ऋषि ने ये भी कबूला कि वो रणबीर के फिल्मी करियर पर दखलअंदाजी नहीं देते. साथ ही संजय दत्त का रोल प्ले करने के लिए उन्होंने अपने बेटे की तारीफ भी की. उन्होंने कहा 'बीच में लोग मुझसे पूछते थे कि रणबीर ये क्या कर रहे हैं. मैं उस समय यही कहता था कि वो अभी सीख रहा है. गलतियां कर-कर के ही सीखेगा.'
'मैंने इस बीच देखा कि उसने इस फिल्म के लिए कितनी मेहनत की. वो देर रात घर आते थे. वो जल्दी वापस शूट पर चले जाते थे. जिम में पसीना बहाते थे. लोग ये बात समझने की कोशिश नहीं करते कि एक एक्टर किसी फिल्म के लिए कितनी मेहनत करता है.'