
क्रिकेट के मैदान में अक्सर भाई शुभमन गिल को चीयर करती नजर आने वाली शाहनील गिल अब खुद सुर्खियों में आने वाली हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो शुभमन गिल की बड़ी बहन जल्द ही करण जौहर के चर्चित रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स 2' का हिस्सा बन सकती हैं. अगर ये खबर सच साबित होती है तो ये शाहनील का अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक अपीयरेंस होगा.
अब तक शाहनील को ज्यादातर लोग भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल की बहन के तौर पर जानते हैं, लेकिन इस शो के जरिए वह अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी में हैं. क्रिकेट स्टेडियम से निकलकर अब वह टीवी की दुनिया में रणनीति, चाल और दिमागी खेल के बीच नजर आएंगी.
कौन हैं शाहनील गिल?
पंजाब के फाजिल्का में जन्मी शाहनील गिल ने शुरुआती पढ़ाई चंडीगढ़ से की. इसके बाद वह कनाडा चली गईं, जहां उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में डिप्लोमा किया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहनील ने एक फूड डिलीवरी कंपनी में सक्सेस कंसल्टेंट के तौर पर भी काम किया है. यानी सोशल मीडिया स्टार बनने से पहले उनका एक कॉर्पोरेट बैकग्राउंड भी रहा है.

आज शाहनील सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं. वह एक लाइफस्टाइल और फैशन इंफ्लुएंसर के तौर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं. इंस्टाग्राम पर उनके करीब 4.77 लाख फॉलोअर्स हैं, जहां वह अपनी ट्रैवल डायरी, फिटनेस और स्टाइलिश लुक्स की झलकियां शेयर करती रहती हैं.
चर्चा में रहती है भाई शुभमन गिल के साथ बॉन्डिंग
शाहनील अक्सर क्रिकेट मैचों के दौरान शुभमन गिल को सपोर्ट करती दिखाई देती हैं. दोनों भाई-बहन की बॉन्डिंग सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद की जाती है.
मैच के दौरान उनकी मौजूदगी और शुभमन के साथ उनकी तस्वीरें कई बार वायरल हो चुकी हैं. हालांकि, शाहनील अपनी पर्सनल लाइफ को ज्यादा लाइमलाइट में नहीं रखती हैं और निजी जिंदगी को लेकर काफी प्राइवेट रहना पसंद करती हैं.

'द ट्रेटर्स 2' में दिखेगा शाहनील का नया अवतार
'द ट्रेटर्स 2' शाहनील के लिए बिल्कुल अलग अनुभव होने वाला है. क्रिकेट स्टेडियम और सोशल मीडिया की ग्लैमरस दुनिया से अलग इस शो में उन्हें भरोसे, धोखे, रणनीति और माइंड गेम्स से गुजरना होगा.
खास बात ये है कि शाहनील इससे पहले किसी बड़े रियलिटी शो का हिस्सा नहीं रही हैं. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि बिना किसी टीवी अनुभव के वह इस गेम में कितना आगे तक जाती हैं.
शाहनील के अलावा क्रिकेटर्स के परिवार से जुड़े कई चेहरे भी रियलिटी शो में नजर आ चुके हैं. इससे पहले दीपक चाहर की बहन मालती चाहर और श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर भी रियलिटी शो का हिस्सा बन चुकी हैं.
'द ट्रेटर्स 2' में कौन-कौन आएगा नजर?
करण जौहर के होस्ट किए जाने वाले इस शो के दूसरे सीजन को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है. शो में 21 सेलेब्स एक-दूसरे के खिलाफ रणनीति और चालों का खेल खेलते नजर आएंगे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो में श्वेता तिवारी, यूट्यूबर अभिषेक मल्हान (फुकरा इंसान), कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू), रिया चक्रवर्ती, शालिनी पासी, दलिप ताहिल, एल्विश यादव, रुबिना दिलैक, सौंदस मौफकीर, क्रिस्टल डिसूजा, पारुल गुलाटी, हरमन बावेजा और शाहनील गिल जैसे नाम शामिल हैं. श्वेता तिवारी इससे पहले 'बिग बॉस 4' की विनर रह चुकी हैं, जबकि अभिषेक मल्हान 'बिग बॉस OTT 2' में नजर आए थे.
जैसलमेर में हुई शूटिंग, अगस्त में होगा प्रीमियर
रिपोर्ट्स के अनुसार, शो की शूटिंग राजस्थान के जैसलमेर स्थित सूर्यगढ़ पैलेस में मार्च महीने में हुई थी. बताया जा रहा है कि पूरी कास्ट ने करीब दो हफ्तों तक करण जौहर के साथ शूटिंग की. 'द ट्रेटर्स 2' का प्रीमियर 13 अगस्त 2026 से प्राइम वीडियो पर होने की खबर है. मेकर्स का दावा है कि नया सीजन पहले से ज्यादा बड़ा, बोल्ड और ड्रामेटिक होने वाला है.
अब देखने वाली बात होगी कि शुभमन गिल की बहन शाहनील गिल इस ग्लैमरस लेकिन चालाकी से भरे गेम में अपनी अलग पहचान बना पाती हैं या नहीं.