लोकप्रिय वेब सीरीज 'मिर्जापुर' ने कई सितारों को लोकप्रिय बनाया है. इन्हीं में से एक जरीना का किरदार निभाने वाली अनंग्शा बिस्वास भी हैं. 'मिर्जापुर' से अनंग्शा घर-घर मशहूर हुईं, लेकिन फेम के साथ उन्हें कई परेशानी भी झेलनी पड़ीं.
हिंदी रश संग बातचीत में एक्ट्रेस ने बताया कि मिर्जापुर में मेरा रोल देखने के बाद लोगों ने मेरी एक इमेज बना ली. इसके बाद मुझसे गंदी डिमांड की गईं.
अनंग्शा कहती हैं- सीजन 1 के बाद मैं बहुत परेशान हो गई थी, क्योंकि ये मेरे लिए बहुत नया था. मुझे बहुत अजीब से मेल और कमेंट्स मिल रहे थे. लोग मुझे नीचा दिखा रहे थे.
एक्ट्रेस ने कहा कि मैं गंदी-गंदी बातें सुनकर सहम गई थी. क्योंकि मेरे लिए मेरा काम सरस्वती है. मुझे समझ नहीं आ रहा था कि लोग ऐसा क्यों बोल रहे हैं.
अनंग्शा ने कहा कि धीरे-धीरे मुझे समझ आया कि हर कोई आपके काम की तारीफ करे ये जरूरी नहीं है. कुछ लोग आपके काम को पसंद करेंगे और कुछ लोग नहीं.
'रियल लाइफ में मैं जरीना जैसी नहीं हूं. लेकिन सीरीज देखने के बाद लोगों ने समझा कि वो मुझे खरीद सकते हैं. मुझे मैसेज आ रहे थे कि आप एक रात का क्या लेंगी. आप हमारे साथ दो दिन के लिए मॉरीशस आइए.'
अनंग्शा कहती हैं कि मेरा मेल बॉक्स इस तरह के मैसेज से भरा हुआ है. मैं शायद इस बारे में बात भी ना करती, लेकिन लोगों की सोच बदलना जरूरी है. हम अपना किरदार निभा रहे हैं, लेकिन मैं हकीकत में ऐसी नहीं हूं.
'लोगों ने मिर्जापुर देखकर मुझे जरीना समझ लिया. मैं तो सिर्फ अपना रोल निभा रही थी. मुझे लगता है कि मैंने अपना रोल अच्छे से निभाया इसलिए लोगों ने समझा कि मैं ऐसी हूं. लेकिन अगर थोड़ा सेंसिटव हो जाएं, तो शायद मेरी कला की कद्र करेंगे.'