हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है. जाने माने एक्टर रमाकांत दायमा का निधन हो गया है. जानकारी के मुताबिक, वो 85 साल के थे. कई महीनों से बीमार चल रहे थे. उनकी दोस्त और एक्ट्रेस शुभांगी लटकार ने मौत की खबर को कंफर्म किया है. शुभांगी ने इमोशनल नोट भी लिखा. फिल्म और टीवी सेलेब्स ने रमाकांत की मौत पर दुख जताया है. हर कोई नम आंखों से एक्टर को श्रद्धांजलि दे रहा है.
रमाकांत का निधन
शुभांगी ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें रमाकांत जिंदादिली के साथ डांस करते हुए दिख रहे हैं. घर में महफिल सजी है. रमाकांत सबको डांस कर और गाना गाकर एंटरटेन कर रहे हैं. उनका ये वीडियो देखकर फैंस की आंखें नम हो रही हैं. एक्ट्रेस ने कहा कि रमाकांत जानते थे कैसे चुनौतियों के बावजूद लाइफ को एंजॉय करना है. एक्ट्रेस ने बताया कि रमाकांत कई महीनों से बीमार चल रहे थे. वो रमाकांत के साथ काम करना चाहती थीं. लेकिन अब वो सपना कभी पूरा नहीं हो पाएगा.
CINTAA ने भी रमाकांत की मौत पर दुख जताया है. X पर एक खास पोस्ट शेयर कर उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार को लेकर जानकारी शेयर की गई है. रमाकांत की गिनती वर्सेटाइल एक्टर्स में की जाती थी. उन्होंने फिल्म चक दे इंडिया, राम सेतु, मुंबई सागा, ब्रदर्स, ड्राइव, पा में काम किया था. रमाकांत ने कई बॉलीवुड फिल्मों में सपोर्टिंग रोल्स निभाए थे. स्पोट्स ड्रामा चक दे इंडिया में उन्होंने एसोसिएशन मेंबर का रोल प्ले किया था. ये फिल्म 2007 में आई थी. शाहरुख खान की फिल्म में उनका काफी पसंद किया गया.
फिल्मी पर्दे पर अपनी धाक जमाने के बाद रमाकांत ने ओटीटी प्लेटफॉर्म का रुख किया. वो स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी, मेड इन हेवन और फर्जी जैसे शोज में भी दिखे थे. रमाकांत अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं. उनके दोनों बच्चे फिल्म इंडस्ट्री में काम करते हैं. वहीं पत्नी आशा नैथानी टीचर, राइटर और एंकर रही हैं.