पहले धुरंधर 2, फिर भूत बंगला जैसी दो बड़ी बॉलीवुड हिट्स का सामना करना. फिर अपनी ही इंडस्ट्री, हॉलीवुड से आई माइकल जैक्सन की बायोपिक के आगे टिकना. और लगातार कम होते शोज के बावजूद सॉलिड कमाई करते रहना— हॉलीवुड की साइंस फिक्शन फिल्म प्रोजेक्ट हेल मैरी इस बात का सबूत बन चुकी है कि इंडियन जनता नई कहानियों के लिए कितनी भूखी है. और नई ऑरिजिनल कहानियों का दिल खोलकर वेलकम कर रही है.
धुरंधर 2 के तूफान में आई, भूत बंगला के सामने भी डटी रही
हॉलीवुड की साइंस फिक्शन फिल्म प्रोजेक्ट हेल मैरी, पहले इंडिया में भी उसी दिन रिलीज होने वाली थी, जिस दिन बाकी दुनिया में रिलीज हुई- 19 मार्च. लेकिन धुरंधर 2 का भौकाल ऐसा था कि इंडिया में हॉलीवुड फिल्म को स्क्रीन्स मिलना मुश्किल हो गया. इसलिए प्रोजेक्ट हेल मैरी एक हफ्ते बाद, 26 मार्च को इंडियन थिएटर्स में पहुंची, जब धुरंधर 2 की सुनामी बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड्स ढा रही रही.
सैकनिल्क का डेटा बताता है कि उस समय जहां इंडिया में धुरंधर 2 के डेली 18-19 हजार शो चल रहे थे, प्रोजेक्ट हेल मैरी को 1700 से भी कम शोज मिले. मगर एक हफ्ते पहले से दुनिया भर में मिल रही तारीफ़ों और जनता के पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ ने इस फिल्म को शुरू से ही इंडिया में अच्छी ऑडियंस दिलाई. इंसानी स्पेस मिशन की कहानी में, एक एलियन के इमोशंस ने इंडियन ऑडियंस को ऐसा इंप्रेस किया कि पहले हफ्ते में ही प्रोजेक्ट हेल मैरी ने 24 करोड़ से ज्यादा नेट इंडिया कलेक्शन किया.
अपने हिस्से आए लिमिटेड शोज में ये फिल्म लगातार भीड़ जुटाती रही और अगले दो हफ्ते मामूली गिरावट के साथ बॉक्स ऑफिस पर डटी रही. दूसरे हफ्ते में, इसका कलेक्शन 20 करोड़ और तीसरे हफ्ते में 15 करोड़ से ज्यादा रहा. तीन हफ्ते पूरे होने से पहले प्रोजेक्ट हेल मैरी के स्टार रायन गॉसलिंग को, इंडिया में उनकी सबसे बड़ी हिट मिल चुकी थी और फिल्म ने 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था. तीन हफ्तों में प्रोजेक्ट हेल मैरी ने इंडिया में 60 करोड़ से ज्यादा कमाई कर ली थी. पर 17 अप्रैल को अक्षय कुमार की भूत बंगला रिलीज हुई और एक झटके में प्रोजेक्ट हेल मैरी के हिस्से से 1000 शोज खींच ले गई.
भूत बंगला के सामने भी दिखाया दम
इसके बाद से प्रोजेक्ट हेल मैरी के डेली शोज की गिनती 600 के आसपास ही रही है. मगर भूत बंगला के सामने इतने कम शोज में चलने के बावजूद चौथे हफ्ते में प्रोजेक्ट हेल मैरी ने ऑलमोस्ट 6.5 करोड़ रुपये कलेक्शन किया. बीते शुक्रवार को एक नई हॉलीवुड रिलीज, माइकल जैक्सन की बायोपिक भी बड़ी चर्चाओं के बीच इंडिया में रिलीज हो गई. मगर फिर भी प्रोजेक्ट हेल मैरी ने शुक्रवार को करीब 49 लाख रुपये का कलेक्शन किया. वीकेंड में एक बार फिर धमाका किया और 1.16 करोड़ कलेक्शन कर डाला. यानी शुक्रवार के दोगुने से भी ज्यादा.
संडे को थोड़ी और ग्रोथ दिखाते हुए, अपने पांचवें वीकेंड में प्रोजेक्ट हेल मैरी ने 2.83 करोड़ कलेक्शन किया है. इस साल ऑस्कर्स में मजबूत दावेदार मानी जा रही प्रोजेक्ट हेल मैरी की तारीफ दुनिया भर में खूब हुई है. दमदार इमोशनल कहानी वाली इस साइंस फिक्शन फिल्म ने अब तक 32 दिनों में, इंडिया में 69 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. इंडियन दर्शक जिस तरह इस फिल्म पर प्यार लुटा रहे हैं, उससे लगता है कि इसका एक शो भी अगर कहीं बचा रहा, तब भी दर्शक पहुंच जाएंगे. इंडिया में प्रोजेक्ट हेल मैरी का बॉक्स ऑफिस रन 75 करोड़ के आसपास खत्म होगा.
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में तो ये फिल्म ब्लॉकबस्टर बन ही चुकी है मगर इसकी कामयाबी उन इंडियन फिल्ममेकर्स के लिए सबक है जिन्हें लगता है कि बड़ी फिल्मों के सामने उनकी छोटी दमदार फिल्म को दर्शक नहीं मिलेंगे. क्योंकि प्रोजेक्ट हेल मैरी जैसी फिल्में लगातार साबित कर रही हैं कि कहानी नई है, ऑरिजिनल है तो इंडियन दर्शक थिएटर्स तक जरूर पहुंचेंगे!